नारनौल। वीडियो कॉल कर रिकार्डिंग करके यू ट्यूब पर वीडियो वायरल करने के नाम पर साइबर क्राइम करने के मामले में कार्रवाई करते हुए साइबर थाना की पुलिस टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान उत्तर प्रदेश में आगरा जिले के बसेरा रेजीडेंसी निवासी अभिषेक उर्फ हरिओम के रूप में हुई है। पुलिस को जांच में पता चला कि आरोपी ने फोन पे अकाउंट का प्रयोग किया था। उसी के आधार पर आरोपी का पता लगाया और उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
साइबर जालसाजों ने शिकायतकर्ता के पास वीडियो कॉल की थी, जिसमे अश्लील वीडियो चलाकर शिकायतकर्ता के चेहरे के साथ स्क्रीन रिकॉर्डिंग कर ली थी। इसके बाद उसे एडिट कर वायरल करने के नाम पर पैसे मांगे थे। शिकायतकर्ता के पास साइबर क्राइम ऑफिस थाना नई दिल्ली के नाम से कॉल कर कहा था कि आपकी वीडियो यू ट्यूब पर वायरल हो रही है। डिलीट करवाने के नाम पर उससे करीब 97 हजार रुपए ठग लिए थे। शिकायतकर्ता ने साइबर थाना में इसकी शिकायत दी, जिसमे उसने बताया कि उसके पास एक वीडियो कॉल आई थी। उस वीडियो कॉल में एक लड़की थी जो कि बिना कपड़े पहने हुए थी। उसने शिकायतकर्ता के चेहरे की स्क्रीन रिकॉर्डिंग कर ली और उस पर एडिट कर दिया। वह लड़की ब्लैकमेल कर पैसे मांगने लगी। इस पर शिकायतकर्ता ने कोई भी पैसे नहीं दिए। फिर उसके पास शाम के समय एक फोन आया, जिसने खुद को साइबर क्राइम ऑफिस रोहिणी थाना नई दिल्ली से बताया और कहा कि यू ट्यूब पर आपकी वीडियो वायरल हो रही है। उसके बाद यू ट्यूब वालों के नाम से एक ओर कॉल आई कि आपकी वीडियो बहुत तेजी से वायरल हो रही है। इसको डिलीट करवाने के लिए फीस देनी होगी। साइबर ठगों ने शिकायतकर्ता से 97,500 रुपये ले लिए।