कारोबारी से पिस्टल दिखाकर कार लूटने और पांच लाख की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को बुधवार को कोर्ट में पेश किया। जहां से उन्हें कोर्ट ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
बता दें कि निजामपुर निवासी नरेंद्र का पॉल्ट्री फार्म है। मंगलवार को दोपहर करीब 12 बजे आई-20 कार से राव गेस्ट हाउस में वकील से मिलने आया था। इसी दौरान रवि व एक अन्य युवक कमरे में आया। रवि ने पिस्टल दिखाकर कार के कागज व चाबी मांगी व शाम तक पांच लाख रुपये देने की बात कही। शिकायत पर मौके पर पुलिस पहुंची व आरोपियों की धर पकड़ में जुट गई। सीआईए व सिटी थाना पुलिस ने देर शाम फ्रांसखाना निवासी विनय उर्फ बाने च रावका मोहल्ला निवासी रवि सैनी को कार समेत गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने नरेंद्र से पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। रंगदारी न देने पर कार की चाबी लेकर साथ ले गए थे। पांच लाख रुपये देने पर कार लौटाने को कहा था।