महेंद्रगढ़ के राव तुलाराम चौक पर राज्य परिवहन की बस स्कूली बस से टकरा गई। हादसे में चार बच्चों को चोट आई है। मौके पर पहुंची पुलिस व आसपास के लोगों ने घायल बच्चों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद चारों बच्चों को घर भेज दिया।
सोमवार सुबह साढे़ सात बजे निजी स्कूल की बस दादरी रूट से बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। जब बस राव तुलाराम चौक के नजदीक पहुंची तो महेंद्रगढ़ बस स्टैंड की ओर से राज्य परिवहन की बस तुलाराम चौक की तरफ ही जा रही थी। राज्य परिवहन की बस सीधी स्कूल बस से जा टकराई। टक्कर के बाद स्कूल बस नारनौल की ओर से टाइलों से भरे आ रहे ट्रैक्टर-ट्राली से जा टकराई। हादसे में नौंवी का छात्र साहित्य गांव शिसवाला जिला चरखी दादरी, सातवीं का सोनू निवासी गांव सिसोठ, नौंवी का अर्पित निवासी आदमपुर दाढ़ी जिला चरखी दादरी व तक्षक कक्षा नौंवी निवासी आदमपुर दाढ़ी जिला चरखी दादरी को हल्की चोट आई।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस व आसपास के लोगों ने घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद बच्चों को घर भेज दिया। हादसे की सूचना के बाद स्कूल प्रबंधन समिति सदस्य भी मौके पर पहुंच गए।
मौके पर उपस्थित देवेंद्र निवासी सिसोठ ने बताया कि राज्य परिवहन की बस के चालक ने लापरवाही से बस को चलाते हुए स्कूल की बस में सीधी टक्कर मारी। नारनौल की ओर से टाइलों से भरी ट्रैक्टर-ट्राली नहीं होती तो स्कूल बस पलट सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे के बाद बच्चे चिल्लाने लगे थे। कुछ बच्चों को मामूली चोटें भी आई थी। सारे बच्चे हादसे से भयभीत थे।