नारनौल। हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो रेवाड़ी की टीम ने शहर की श्याम कॉलोनी से युवक को अवैध नशीले पदार्थ के साथ काबू किया है। जिसके खिलाफ शहर थाना नारनौल में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो रेवाड़ी को सूचना मिली कि शहर के मोहल्ला श्याम कॉलोनी निवासी धर्मेंद्र शर्मा उर्फ जग्गू अपने मकान के साथ बनी दुकान के बाहर खड़ा होकर नशीला पदार्थ गांजा बेच रहा है। अगर छापेमारी की जाए तो उसे नशीला पदार्थ सहित काबू किया जा सकता है। इस सूचना पर टीम मौके पर पहुंची तो वहां एक युवक खड़ा दिखाई दिया। जिसके हाथ में एक काले रंग की प्लास्टिक थैली थी, जोकि पुलिस पार्टी को देखकर तेज कदमों से चलने लगा। जिसे कर्मचारियों की मदद से काबू कर पूछताछ की गई तो उसने अपना नाम धर्मेंद्र उर्फ जग्गू बताया। उसके बाद ड्यूटी मजिस्ट्रेट एईटीओ अतुल बतरा की मौजूदगी में युवक की तलाशी ली गई। जिसके हाथ में ली हुई काले रंग की प्लास्टिक थैली की जांच की तो उसमें नशीला पदार्थ गांजा मिला। जिसका कुल वजन 225 ग्राम मिला। पुलिस ने युवक को नशीले पदार्थ सहित काबू कर लिया। जिसके खिलाफ शहर थाना नारनौल में मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई।