नारनौल। सीआईए रोड अंडरपास में 15 दिसंबर को बाइक से गिरकर घायल हुई एक महिला ने शनिवार को उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। अंडरपास में भरे पानी के कारण गड्ढा न दिखने से हादसा हुआ था जिसमें महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी।
मोहल्ला फ्रांसखाना निवासी मनीष ने बताया कि 15 दिसंबर को वह अपनी मां कमला (63) और भाई के साथ बाइक पर अपने प्लॉट पर काम के लिए जा रहे थे। जब वे सीआईए रोड खड़खड़ी मोहल्ला स्थित अंडरपास से गुजर रहे थे तो वहां पानी भरा हुआ था। इसके कारण गड्ढा दिखाई नहीं दिया। अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ने से कमला नीचे गिर पड़ी और उनके सिर में गंभीर चोट लग गई।
परिजनों ने उन्हें तुरंत नागरिक अस्पताल पहुंचाया जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। इसके बाद परिजन उन्हें एक प्राइवेट अस्पताल और फिर रोहतक पीजीआईएमएस ले गए।
पीजीआईएमएस में कमला के सिर का ऑपरेशन किया गया लेकिन सात दिन तक होश न आने के बाद उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों ने इस हादसे के लिए अंडरपास में पानी निकासी की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है।