नारनौल। जनस्वास्थ्य विभाग ने आसरावास में 30.69 करोड़ और मुसनौता में 41.12 करोड़ से जलघर बनाने के लिए टेंडर जारी किया है।इससे नांगल चौधरी के 39 गांवों में जलापूर्ति सुचारू होने की उम्मीद है। इससे पहले सिरोही बहाली जलघर का टेंडर जारी किया जा चुका है।
इसके अलावा, नांगल दर्गु जलघर का भी विस्तारीकरण किया जाएगा। इससे ज्यादा घरों तक पानी पहुंच सकेगा। क्षेत्र के करीब 122 गांव और नांगल चौधरी कस्बा पूरी तरह से नहर-आधारित जलघर लहरोदा पर निर्भर हैं।
अब 39 गांवों और नांगल चौधरी कस्बे में जलापूर्ति करने के लिए सिरोही बिहाली, मुसनौता और आसरावास गांवों में 3 नए जलघरों का निर्माण किया जा रहा है।
इस परियोजना का सर्वेक्षण अप्रैल 2024 से शुरू किया गया था। मुसनौता में जलघर बनने से मुसनोता, पांचनौता, बायल, ढाणी रावता, बखरीजा, मेघोत हाला, मेघोत बिंजा, गंगुताना, गोलवा एवं नांगल दर्गु गांवों में पानी की सप्लाई हो सकेगी।
प्रतिदिन 70 लीटर पानी उपलब्ध कराने का उद्देश्य
इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य 39 गांवों में प्रतिदिन 70 लीटर प्रति व्यक्ति पीने का पानी उपलब्ध कराना है जिसके लिए वर्ष 2028 की जनसंख्या को आधार मान कर जलघरों का डिजाइन वर्ष 2043 तक जबकि जलापूर्ति पाइपलाइन का डिजाइन वर्ष 2058 तक किया गया है।
सिरोही जलघर से 16 गांवों को मिलेगा लाभ
सिरोही बिहाली गांव में 6.0 एमएलडी क्षमता का नया जलघर बनेगा जहां विभिन्न आकार की पाइपलाइनों की लंबाई लगभग 24392 मीटर होगी। इस जलघर से मोहब्बतपुर (भुंगारका), शिमली, इकबालपुर नंगली, नेहरू नगर, सिरोही बिहाली, नांगल कालिया, अकबरपुर सिरोही, आकोली, मुलोदी, श्योनाथपुरा, भोजावास, तोताहेड़ी, चेक मलिकपुर, कालबा, बामनवास खेता एवं नायन।
आसरावास से 13 गांवों में पहुंचेगा पानी
गांव आसरावास में 5 एमएलडी क्षमता वाले इस जलघर का मुख्य उद्देश्य 13 गांवों में पानी पहुंचाना है। इनमें नांगल नूनिया, उदयपुर कटारिया, दताल, बनिहारी, आसरावास, मौरुंड, नियामतपुर, गोठड़ी, थनवास, नांगल सोडा, अमरपुरा, बूढ़वाल एवं रायमलिकपुर।
वर्जन:
आसरावास और मुसनौता में जलघर बनाने के लिए टेंडर जारी कर दिया है। वहीं सिरोही बहाली का टेंडर छोड़ा जा चुका है। जल्द ही तीनों जलघरों का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।-महेश कुमार, एसडीओ जनस्वास्थ्य विभाग नारनौल