फोटो संख्या:69- गांव कोका में छबील लगाकर राहगीरों को पानी पिलाते बच्चें--स्रोत- ग्रामीण
- फोटो : मादा तेंदुए को ट्रेंकुलाइज कर ले जाते वनकर्मी।
कनीना। भीषण गर्मी और तपती धूप के बीच गांव कोका के बच्चों ने मानवता और सेवा भाव की अनूठी मिसाल पेश की है। गांव के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी पॉकेट मनी और गुल्लक में जमा पैसों को एकत्रित कर मुख्य मार्ग पर छबील लगाई। इस दौरान बच्चों ने आने-जाने वाले सैकड़ों राहगीरों को मीठा पानी पिलाकर उनकी प्यास बुझाई और गर्मी से राहत पहुंचाई।
इस पहल की खास बात यह रही कि बच्चों ने इस कार्य के लिए अपने अभिभावकों पर किसी प्रकार का आर्थिक बोझ नहीं डाला। बच्चों ने कई महीनों से अपनी जेब खर्च से बचाए गए पैसों को इस पुण्य कार्य के लिए स्वेच्छा से खर्च किया। बच्चों के इस सेवा भाव को देखकर गांव के बड़े-बुजुर्गों ने भी उनकी जमकर सराहना की और व्यवस्था संभालने में सहयोग किया।
तपती दुपहरी में ठंडा पानी पाकर राहगीरों के चेहरे खिल उठे। राहगीरों ने बच्चों की इस सोच और मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि आज के दौर में जहां अधिकांश बच्चे मोबाइल और वीडियो गेम में व्यस्त रहते हैं, वहीं कोका गांव के बच्चों ने समाज सेवा का प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
छबील लगाने रवि, महेश, नवीन, रोहित, प्रदीप ने बताया कि उन्हें विद्यालय और घर में सिखाया जाता है कि प्यासे को पानी पिलाना सबसे बड़ा पुण्य होता है। इसी सोच के साथ उन्होंने अपनी पॉकेट मनी से राहगीरों के लिए ठंडे पानी की व्यवस्था करने का निर्णय लिया।