महेंद्रगढ़। डाइट कॉलेज में एक दिन का युवा ग्राम पंचायत ट्रेनिंग प्रोग्राम हुआ। ये कार्यक्रम हरियाणा के गुरुग्राम स्थित राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद के निर्देश पर करवाया गया। इसमें जिले के अलग-अलग स्कूलों से 25 राजनीति विज्ञान के टीचर्स शामिल हुए। हर ब्लॉक से पांच-पांच टीचर आए थे। जुलाई में ब्लॉक स्तर पर भी इसका आयोजन होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान बाबूलाल यादव और नरेश कुमार ने की। उन्होंने बताया कि युवा ग्राम पंचायत का उद्देश्य विद्यालयों में छात्रों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना है। किशोरावस्था की जटिलताओं को ध्यान में रखते हुए यह मंच छात्रों को अपने विचार और समस्याएं खुलकर रखने का अवसर प्रदान करता है।
कोऑर्डिनेटर डॉ. किरण यादव ने बताया कि इस पहल के तहत छात्र ग्राम विकास, सामाजिक मुद्दों, पॉक्सो एक्ट, मानसिक तनाव और यौन शोषण से बचाव जैसे विषयों पर चर्चा करते हैं। मास्टर ट्रेनर संजय शर्मा और नरोत्तम सोनी ने पंचायत संचालन की रूपरेखा, जैसे बैठक की प्रक्रिया, बजट प्रस्तुति, लेखा परीक्षा और अन्य प्रशासनिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी।
डॉ. सुरेंद्र ने बताया कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य छात्रों को ग्रामीण जीवन से जुड़ी समस्याओं, कानूनी अधिकारों और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रम में डाइट के कई शिक्षक और विशेषज्ञ भी उपस्थित रहे।