फोटो नंबर- 17नारनौल में आयोजित लोक अदालत में केसों का निपटारा करते न्यायाधीश। स्रोत : प्रशासन
नारनौल। नारनौल, महेंद्रगढ़ व कनीना में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। लोक अदालत में कुल 19362 केस निपटारे के लिए रखे गए जिनमें से 14243 केसों का फैसला किया गया। लोक अदालत में 44 केस मोटर वाहन दुर्घटना के रखे गए जिसमें कुल 1 करोड़ 32 लाख रुपये का मुआवजा दिया गया।
सत्र न्यायाधीश हर्षाली चौधरी व सोनिका, सिविल जज जूनियर डिवीजन निशा, राकेश कुमार व आदित्य सिंह यादव की बेंच ने नारनौल में और सिविल जज जूनियर डिवीजन पीयूष ने कनीना में व सिविल जज जूनियर डिवीजन मोहित सिंह डाबर ने महेंद्रगढ़ में लोक अदालत में आए मामलों का निपटान किया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव नीलम कुमारी ने बताया कि लोक अदालत में वाहन दुर्घटना मुआवजा केस, वैवाहिक मामले, वाहन चालान संबंधित मामले, जमीन अधिग्रहण मुआवजा से संबंधित मामले, दीवानी मामले जैसे कि किराया, बैंक ऋण, बच्चों व पत्नी के लिए भरण-पोषण, साइबर क्राइम व राजीनामा योग्य फौजदारी मामलों को रखा गया था।
उन्होंने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नारनौल द्वारा एक हेल्पलाइन नंबर 01282-250322 चलाया हुआ है, जिस पर भी आमजन किसी भी प्रकार की कानूनी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 पर भी फोन कर कानूनी सहायता ले सकते हैं।