फोटो नंबर-06उपायुक्त को ज्ञापन सौंपते सामाजिक कार्यकर्ता। स्रोत-संस्था
- फोटो : 1
नारनौल। राजकीय प्राथमिक पाठशाला मंढाना में शिक्षकों की कमी को लेकर बुधवार को सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जिला उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से विद्यालय में शीघ्र शिक्षकों की नियुक्ति की मांग की गई।
इस विषय में सामाजिक कार्यकर्ता भाई चांदराम भोड़ीवाल ने बताया कि राजकीय प्राथमिक पाठशाला मंढाना में सैकड़ों बच्चे अध्ययनरत हैं लेकिन विद्यालय में केवल दो शिक्षक ही कार्यरत हैं। इसके अलावा, इन शिक्षकों को एसआईआर एवं बीएलओ जैसी चुनावी व प्रशासनिक ड्यूटी में लगाए जाने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार एक ओर शिक्षा को अनिवार्य बताती है, वहीं दूसरी ओर पर्याप्त शिक्षकों की व्यवस्था न कर बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है। यह स्थिति मुफ्त एवं अनिवार्य शिक्षा से जुड़े संवैधानिक अधिकारों का खुला उल्लंघन है। कम संख्या में शिक्षकों के कारण न तो पढ़ाई सुचारू हो पा रही है और न ही बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल पा रही है।
चांदराम भोड़ीवाल ने शीघ्र ही विद्यालय में पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति करने की उपायुक्त से गुहार लगाई। इस अवसर पर कामरेड सुभाष चंद्र एडवोकेट, सुरेश नंबरदार, ममता कुमारी एडवोकेट व संजीव कुमार गोठवाल सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।