महेंद्रगढ़। जिले में 20 से 23 जुलाई तक शिक्षा विभाग की ओर से खंड स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। जिला में चार दिन चलने वाले खेल कार्यक्रम में विद्यार्थी 20 खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का जिला स्तरीय मुकाबलों के लिए चयन किया जाएगा।
बता दें कि मुकाबले कनीना, अटेली, महेंद्रगढ़, नारनौल और नांगल चौधरी खंड में विभिन्न स्कूलों में कराए जाएंगे। 20 और 21 जुलाई को पुरुष वर्ग के मुकाबले कराए जाएंगे जबकि 22 व 23 जुलाई को महिला वर्ग के मुकाबले कराए जाएंगे।
प्रत्येक खंड के शिक्षा अधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है जबकि मेजबान विद्यालयों के मुखियाओं को प्रतियोगिताओं के सफल संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कनीना में एसडी स्कूल ककराला, महेंद्रगढ़ में आरपीएस स्कूल, अटेली में बीआर स्कूल बाछौद, नांगल चौधरी के कांवी राजकीय स्कूल जबकि नारनौल के राजकीय स्कूल हमीदपुर में आयोजित की जाएंगी।
इन आयुवर्ग व खेलों में भाग ले सकेंगे विद्यार्थी
प्रतियोगिताओं में कबड्डी, एथलेटिक्स, खो-खो, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, फुटबॉल, हॉकी, कुश्ती, योग, जूडो, ताइक्वांडो सहित कुल 20 खेल शामिल किए गए हैं। इसमें आयु वर्ग अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 में विद्यार्थी भाग ले सकेंगे। अंडर-14 में 1 जनवरी 2013 या उसके बाद, अंडर-17 में 1 जनवरी 2010 या उसके बाद तथा अंडर-19 में 1 जनवरी 2008 या उसके बाद जन्म लेने वाले खिलाड़ी भाग ले सकेंगे।
खिलाड़ियों के लिए पात्रता नियम
शिक्षा विभाग ने खिलाड़ियों की पात्रता को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रत्येक खिलाड़ी को जन्म प्रमाण पत्र, परिवार पहचान पत्र (पीपीपी), स्कूल रिकॉर्ड व बोर्ड परीक्षा प्रमाण पत्र सहित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। किसी भी खिलाड़ी को एक कैलेंडर वर्ष में केवल एक आयु वर्ग में ही खेलने की अनुमति होगी।
-
वर्जन:
शिक्षा विभाग की ओर से विद्यार्थियों की खेल प्रतिभा निखारने के लिए 20 जुलाई से खंड स्तरीय प्रतियोगिताओं की शुरुआत की जा रही है। इसमें विद्यार्थी भाग लेकर जिला स्तरीय स्पर्धा के लिए क्वालीफाई करेंगे।
-विक्रम सिंह, एईईओ, शिक्षा विभाग, महेंद्रगढ़