अमर उजाला ब्यूरो
कनीना। कनीना में बनाए जाने वाले एसडीएम कार्यालय को लेकर पंचायत समिति कनीना की भूमि पर बनी 154 दुकानों को खाली करने के नोटिस को लेकर दुकानदार रोड-शो करने पहुंचे रहे सीएम मनोहर लाल से मिले। दुकानदार ज्ञापन लेकर रेवाड़ी रोड टी-प्वाइंट पर खड़े हुए थे प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल कोसली की ओर से दोपहर करीब पौने दो बजे रेवाड़ी रोड टी-प्वाइंट से होते हुए डहीना पहुंचे। जहां उन्होंने हाल ही में शहीद हुए सैनिक को श्रद्धासुमन अर्पित किए। बीच में टी-प्वाइंट पर खड़े दुकानदारों को देख सीएम ने अपना काफिला रोका और उनकी बात सुनी। इस दौरान दुकानदारों की ओर से सीएम को ज्ञापन भी सौंपा गया जिसमें उनकी दुकानों को बचाने की गुहार लगाई गई थी। सीएम ने उनकी दुकानें नहीं तोड़े जाने का आश्वासन दिया। देखा जाए तो इससे पूर्व हरियाणा विधान सभा की डिप्टी स्पीकर संतोष यादव ने भी दुकानदारों की समस्या सुन सीएम से संपर्क किया था।
संतोष यादव के हवाले से ही आज व्यापारी सीएम से मिले। उनके साथ कैबिनेट मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा और चौधरी धर्मवीर सिंह थे। दुकानदार इस दौरान वहां पर सीएम आगमन का इंतजार करते रहे। दुकानदारों ने कहा कि पंचायत समिति की 154 दुकानों के नोटिस जारी कर तीन माह में खाली करने के निर्देश दिए गए थे। उन्होंने कहा कि 30-40 सालों से इन दुकानों के पीछे करीब सैकड़ों परिवारों की रोटी-रोजी चल रही है। यदि ये दुकान यहां से टूटती हैं तो उनके साथ अन्याय होगा। व्यापार मंडल यूनियन के प्रधान नरेंद्र सिंह ने बताया कि दुकानदारों ने मिलकर सीएम को ज्ञापन सौंपा है जिसमें दुकानों को नहीं तोड़े जाने का निवेदन किया गया है।
बता दें कि तीन मार्च को मुख्यमंत्री मनोहर लाल की ओर से डिजिटल माध्यम से कनीना के लघु सचिवालय का शिलान्यास किया था। उसके बाद सात मार्च को नोटिस जारी कर तीन माह में दुकानें खाली करने का निर्देश दिया था।