अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। गांव भुंगारका के सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 26 फरवरी को अधिकारियों का रात्रि विश्राम कार्यक्रम होगा। डीसी डॉ. गरिमा मित्तल की अध्यक्षता में होने वाले कार्यक्रम की रूप रेखा तैयार करने के लिए एडीसी महावीर प्रसाद ने वीरवार को लघु सचिवालय में अधिकारियों की बैठक ली।
एडीसी ने कहा कि 26 फरवरी को सुबह 10 बजे से ही सीनियर सेकेंडरी स्कूल भुंगारका में विभिन्न विभागों की स्टॉल लगाई जाएंगी। इनमें किसी जिम्मेदारी अधिकारी की ड्यूटी लगाई जाए। सुबह से ही राशन कार्ड, आधार कार्ड, जाति-प्रमाण पत्र, बिजली के कनेक्शन, पौध वितरण, मेडिकल चेकअप, पेंशन के फार्म व ड्राइविंग लाइसेंस आदि बनवाने का काम होगा। उन्होंने बताया कि कई तरह की सेवाओं व योजनाओं का लाभ ग्रामीणों को एक ही जगह पर दिया जाएगा।
एडीसी ने बताया कि सभी विभागों से शाम पांच बजे डीसी खुद स्टाल पर जाकर दिनभर हुए काम की रिपोर्ट देखेंगी। अधिकारी शाम चार बजे तक पूरी रिपोर्ट बनाकर तैयार रखें। इसके बाद डीसी ग्रामीणों की समस्याएं सुनेंगी व मौजूद रहेंगी। रात्रि आठ बजे खाना खाने के बाद गांव में ही अधिकारियों का ठहराव रहेगा। 27 फरवरी को सुबह 6:30 बजे गांव में सफाई अभियान चलेगा। वहीं, पौधरोपण कार्यक्रम भी होगा। बैठक में नगराधीश प्रवेश ढाका के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।