अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़।
एसडीएम उत्तम सिंह ने पर्यावरण संतुलन के लिए नई पहल की है। एसडीएम ने सरपंचों को पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया है। मंगलवार को बीडीपीओ कार्यालय में सरपंचों की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में बीडीपीओ निशा तंवर तथा खंड महेंद्रगढ़ के सरंपच और सरपंच प्रतिनिधियों ने भाग लिया। एसडीएम उत्तम सिंह ने सरपंचों को निर्देश दिए कि प्रत्येक सरपंच पंचायती जमीन, घर या गांव के सार्वजनिक स्थानों पर 500 पौधे लगाएंगे। उन्होंने कहा कि अगर वन विभाग उन्हें प्रदान करवाता है तो ठीक है अन्यथा पंचायत कोष से वो पौधे लगा सकते हैं। साथ एसडीएम ने सरपंचों को उनकी देखभाल करने का भी आह्वान किया है। सरपंचों ने एसडीएम की इस मुहिम का स्वागत किया और उन्होंने विश्वास दिलाया कि उन्हें जो लक्ष्य दिया गया है। उसको पूरा करने का प्रयास करेंगे। वास्तव में एसडीएम की यह एक अच्छी पहल है। इससे न केवल पर्यावरण संरक्षित होगा बल्कि लोग भी जागरूक होंगे। महेंद्रगढ़ खंड में 62 गांव हैं। एसडीएम ने प्रत्येक सरपंच को कम से कम 500 पौधे लगाने का लक्ष्य दिया है। अगर मुहीम में सभी सरपंचों ने सहयोग किया तो विभिन्न गांवों में लगभग 33 हजार पौधे लगाए जाएंगे। बैठक में गांव घड़ी के सरपंच ने दो हजार तथा कोथल खुर्द के सरपंच ने एक हजार पौधे लगाने का लक्ष्य लिया।
वर्जन
बाहर से मंगवाएंगे पौधे
बीडीपीओ निशा तंवर ने बताया कि कुछ पौधे हमें वन विभाग महेंद्रगढ़ से मिल जाएंगे। शेष पौधे दूसरे जिले या पड़ोसी प्रदेश से खरीदने पड़ेंगे। सभी गांवों के इक्टठे पौधे बाहर से मंगवाए जाएंगे। इस संबंध में उनकी दो-तीन जगह बातचीत चल रही है। जो पौधे सस्ते देंगे उसी से पौधे लिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस संबंध बुधवार को सतनाली खंड के सरपंचों की भी मीटिंग आयोजित की जाएगी। उन्हेें भी पौधे लगाने का लक्ष्य दिया जाएगा।