अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। डेरा मुखी को दोषी करार देने के बाद रविवार को दूसरे दिन भी रोडवेज बसें बंद रहीं। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्रियों को निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ा। रोडवेज बसों के बंद होने के कारण निजी वाहन चालकों ने निर्धारित किराए से अधिक से पैसा वसूले। सोमवार को डेरा मुखी को सजा सुनाई जाएगी। इस दौरान बसों को हिंसक घटनाओं से बचाने के लिए अभी तक चलाने के आदेश जारी नहीं किए गए हैं।
मैं चरखी दादरी से आया हूं और मुझे नारनौल जाना था। पौन घंटे से यहां खड़ा हूं, लेकिन कोई साधन नहीं आ रहा। दादरी से भी जीप में ही आया था। जीप चालक ने निर्धारित किराए से ज्यादा पैसे मुझसे लिए।
- रवि।
मैं चांग रोड निवासी हूं और शनिवार को दिल्ली पेपर देने गया था। हमारा दिल्ली के लिए रूट चरखी दादरी वाया झज्जर है। बस बंद होने पर ट्रेन से महेंद्रगढ़ आया हूं। यहां से बस नहीं मिल रही। जीप से जाना पड़ेगा।
-रूपेंद्र।
मैं जयपुर से आया हूं और भिवानी जाऊंगा। कोटपुतली के बाद बसों के अभाव में परेशानी हुई। जीपों में किसी तरह से महेंद्रगढ़ तक पहुंचा हूं। आगे के लिए कोई साधन नहीं है। निजी वाहन मनमाने पैसे वसूल रहे हैं।
-भोजराज।
मुझे नारनौल जाना था। आधा घंटे से बस स्टैंड पर खड़ी हूं। अभी तक कोई बस नहीं आयी है। साधनों के अभाव में परेशानी झेलनी पड़ रही है। अब किसी जीप का ही सहारा लेना पड़ेगा। वे किराया भी मनमाने वसूल रहे हैं।
-पुष्पा बंसल।