अमर उजाला ब्यूरो
नांगल चौधरी। नांगल चौधरी नपा प्रशासन द्वारा वार्ड स्तर पर फॉगिंग करवाई जा रही है। जिससे मच्छरों पर अंकुश लगने से आमजन को राहत मिली है। रविवार को भी अनेक जगहों पर फॉगिंग कराई गई। अगले सप्ताह दुबारा फॉगिंग होगी, ताकि मच्छर पनपने की संभावना नहीं रहे।
नपा के सचिव राजाराम ने बताया कि पिछले दिनों बारिश होने से विभिन्न वार्डों में जलभराव व कांग्रेस घास पैदा हो गई। गंदगी में मच्छर पनपने के कारण लोगों को मलेरिया, डेंगू, डायरिया आदि समस्या संभव है। शिकायत मिलने पर पिछले सप्ताह स्वास्थ्य विभाग को पत्र भेजकर दवाई मांगी गई थी। शुक्रवार को सप्लाई मिल चुकी, इसके बाद मशीनों की व्यवस्था कर स्प्रे की योजना बनाई गई। सफाई कर्मचारियों के इंचार्ज भंवरलाल की अगुवाई में रविवार को 9 वार्डों की सभी गलियों में फोगिंग कर दी गई। चार वार्डों में सोमवार को स्प्रे की दी जाएगी। नपा सचिव ने कहा कि अगले सप्ताह दुबारा फॉगिंग कराई जाएगी, इसके बाद मच्छर पनपने की संभावना खत्म हो जाएगी। सचिव ने कहा कि जेई राजेश कौशिक, योगेंद्र सिंह, राहुल शेहरावत द्वारा फोगिंग अभियान का निरीक्षण किया गया।