अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। हरियाणा रोडवेज ने शुक्रवार को शहर में सिटी बस सेेवा की शुरूआत कर दी है। हालांकि पहले दिन कम लोग ही सिटी बस सेवा का लाभ उठाया। दस किलोमीटर के सिटी बस सेवा के रूट में आठ स्टॉपेज बनाए गए हैं। शहर में सिटी बस सेवा को लेकर अमर उजाला ने 30 जनवरी से मुहिम शुरू की थी।
शहर में सिटी बस सेवा न होने से लोगों को बस स्टैंड से कोर्ट, अस्पताल, पीजी कॉलेज, गर्ल्स कॉलेज जाने के लिए ऑटो चालकों को 10 रुपये देने पड़ रहे थे। इसके बाद भी लोगों को परेशानी हो रही थी। ऐसे में शहर में सिटी बस सेवा की जरूरत महसूस की जा रही थी। इसे लेकर अमर उजाला ने मुहिम चलाई और लोगों को पूरा समर्थन मिला। इसके बाद रोडवेज ने बस सेवा के रूट का सर्वे कराया था।
सीआई सतीश कुमार ने बताया कि सिटी बस सेवा के दस किलोमीटर के रूट पर आठ स्टॉपेज हैं। सुबह साढ़े नौ बजे सिटी बस से कॉलेज की लड़कियों को भेजा जा रहा है। सवा दस बजे से सिटी बस सेवा बस स्टैंड पर आम लोगों को उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि संचालन के दौरान जो कमियां आएंगी, उन्हें दूूर किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि बस सेवा का लाभ उठाएं।
इंद्र सिंह बस लेकर हुए रवाना
बस स्टैंड से सवा दस बजे बस चालक इंद्र सिंह सिटी बस को लेकर रवाना हुए। बस महावीर चौक, रेस्ट हाउस, तालाब बहादुर सिंह, अग्रसेन चौक, राजीव चौक, बहरोड चौक, किला रोड, मेहता चौक, स्टेडियम, बाईपास से हीरो होंडा चौक से होते हुए बस स्टैंड पहुंची। चालक इंद्र सिंह ने बताया कि विभाग की पहल से कॉलेज के छात्रों व लोगों को काफी सहूलियत होगी। कंडक्टर मुंशीराम ने बताया कि सिटी बस सेवा का न्यूनतम किराया पांच रुपये, सात रुपये व दस रुपये है। तरूण सोनी ने पहला टिकट लेकर कॉलेज तक सफर किया।
बस स्टॉपेज व किराया
- बस स्टैंड से महावीर चौक, जैन धर्मशाला, राजीव चौक/नागरिक अस्पताल, मेहता चौक व सैनी धर्मकांटा तक पांच रुपये
- बस स्टैंड से सैनी धर्मकांटा व हीरा होंडा चौक तक सात रुपये
- बस स्टैंड से महाबीर चौक, अस्पताल, मेहता चौक, हीरो होंडा से वापस बस स्टैंड तक 10 रुपये
लोगों से बातचीत
सिटी बस सेवा शुरू होने से सभी भी राहत मिलेगी। लोगों को दस रुपये देकर ऑटो से जाना पड़ता है। ऐसे में छात्रा-छात्राओं को परेशानी हो रही थी। रोडवेज के इस कदम से लोगों को काफी राहत मिलेगी। लोगों को अब पांच रुपये में सिटी बस सेवा का लाभ उठाना चाहिए। अमर उजाला की पहल से लोगों को इस सेवा का लाभ मिला है। - दलजीत राजेंद्र चेतीवाल, सामाजिक कार्यकर्ता
फिलहाल बस का रूट ठीक है। लेकिन, अब गर्मी आने वाली है और इसके समय में बदलाव करना होगा। पांच रुपये किराया होने से लोगों को राहत मिलेगी। बस सेवा को सफल बनाने में सभी को सहयोग देना चाहिए। इससे लोगों का सुरक्षित सफर कर सकेंगे। बाद में इसके रूट में भी बदलाव करना होगा।
- जयगोपाल अग्रवाल, कारोबारी
बस सेवा न होने से लोगों को ऑटो की सवारी करनी पड़ती थी। अब बस की सेवा मिल गई और लोग अपनी सुविधा के अनुसार उसका लाभ उठा सकेंगे। इससे ग्रामीण महिलाओं और लड़कियों को राहत मिलेगी। बस का किराया भी पांच रुपये होने से आम आदमी के लिए ठीक है। इस सेवा का लाभ लेना चाहिए और सफल बनाना चाहिए।
- संतोष, गृहणी।
सिटी बस के शुरू होने से लोगों को राहत मिली है। छात्राओं को सुबह अलग से चलने से राहत मिली है। रोडवेज के इस कदम का लोगों को स्वागत करना चाहिए और इसका लाभ उठाना चाहिए। नप को शहर में सिटी बस सेवा का बोर्ड लगवाना चाहिए। ताकि लोगों को बस स्टॉपेज का पता रहे।
- रजनी चौहान, गृहणी।
इससे शहर के लोगों को बेहतर बस सेवा मिल गई। अब बस के रूट पर से अतिक्रमण हटाया जाना चाहिए। जिससे की बस सेवा में किसी प्रकार की परेशानी न हो। इस सेवा को निकट भविष्य में हाउसिंग बोर्ड और पटीकरा अस्पताल तक बढ़ाया जाना चाहिए। अब लोगों की जिम्मेदारी है कि बस सेवा का लाभ लेकर सफल बनाएं।
- अजय गुप्ता,
बस स्टैंड से रेलवे स्टेशन तक आने के लिए लोगों को दस रुपये देने पड़ते हैं। बस सेवा होने से लोग पांच रुपये में पहुंच सकेंगे। इससे गांव के लोगों को अस्पताल, कॉलेज और शहर में आने सहूलियतें मिलेगी। बस का किराया भी वाजिफ है। नप को शहर की सड़कों को ठीक करना चाहिए।
- राकेश गर्ग, व्यापारी।