अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। नगरपालिका की चार जनवरी को होने वाली सामान्य बैठक की सूचना नहीं मिलने पर पार्षदों ने उपायुक्त गरिमा मित्तल से मुलाकात की। उपायुक्त ने इस मामले की जिम्मेवारी महेंद्रगढ़ एसडीएम को सौंपी है।
पार्षदों ने डीसी को बताया कि नगरपालिका की चार जनवरी को होने वाली सदन की सामान्य बैठक की सूचना निर्वाचित पार्षदों को भेजी गई है। जिसमें न तो पत्र जारी करने वाले अधिकारी/कर्मचारी का नाम एवं पदनाम वर्णित है और न ही कुल 15 निर्वाचित पार्षदों का नाम उल्लेख किया गया है।
उन्होंने तथ्यों के आधार पर संदेह जारी करते हुए कहा कि यह सूचना महेंद्रगढ़ नगरपालिका की अधिकारिक सूचना नहीं हैं क्योंकि निश्चित ही किसी उपद्रवी या षड़यंत्रवादी व्यक्ति ने यह सूचना संप्रेषित करवाई है।
नपा चेयरपर्सन रीना बंटी ने अविश्वास प्रस्ताव से बचने के लिए महेंद्रगढ़ नगरपालिका के सदन की कार्यवाही पर पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय में केस क्रमांक एलपीए-943/2018 के अंतर्गत अंतरिम रोक लगवा रखी है। इसके चलते महेंद्रगढ़ नगरपालिका के सदन की बैठक बिना तीन पार्षदों के बुलाना/उच्च न्यायालय की अवमानना होगा। फरवरी 2017 के बाद से महेंद्रगढ़ नगरपालिका के सदन की कोई भी सफल बैठक आयोजित नहीं हुई।
हाई कोर्ट की अंतिम रोक के बावजूद कुछ पार्षदों का उल्लेख किए बिना और बगैर पत्र जारी करने वाले अधिकारी या कर्मचारी के नाम एवं पदनाम वाले इस पत्र से हाईकोर्ट की अवहेलना हुई है। इस मौके पर वार्ड-1 से डॉ. तरूण यादव, वार्ड-4 से रमेश उकुमार, वार्ड-7 कृष्ण कुमार, वार्ड-8 मोनिका सैनी, वार्ड-9 देेवेंद्र उर्फ सोनू, वार्ड-10 बबीता सैनी, वार्ड-12 विष्णु कुमार, मनोनीत पार्षद कुलदीप शर्मा और महेंद्र प्रजापत मौजूद थे।
27 दिसंबर को जारी किया था पत्र
बता दें कि नगरपालिका चेयरपर्सन की ओर से 27 दिसंबर को पत्र क्रमांक 1442-1566 द्वारा जारी कर चार जनवरी को बैठक बुलाई हुई है। इसमें मनोनीत पार्षद सहित कुल 15 पार्षदों को ही बैठक की सूचना दी गई है। इस पत्र पर साइन किस अधिकारी के हैं उसका जिक्र नहीं है और न ही मोहर लगी है। इसके अलावा वार्ड-11 से नरेंद्र खन्ना, वार्ड पांच से अमित मिश्रा तथा कमलेश तायल का नाम भी पत्र में नहीं हैं।
वर्जन
महेंद्रगढ़ नगरपालिका के पार्षदों ने बैठक को लेकर ज्ञापन दिया था। इसकी जांच के लिए मैंने एसडीएम महेंद्रगढ़ विनेश कुमार को मार्क कर दिया है। अब एसडीएम इस की जांच कर रिपोर्ट सौंपेंगे। उसके बाद ही कुछ बताया जा सकता है।
- डॉ. गरिमा मित्तल, उपायुक्त, महेंद्रगढ़।