अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। बाबा जयरामदास धर्मशाला में मंगलवार को सतगुरू सेवा समिति महेंद्रगढ़ के तत्वावधान में 18 वां श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ सप्ताह शुरू हुआ। पहले दिन आचार्य कुटी श्रीधाम वृंदावन से पधारे संत प्रवर स्वामी रामप्रपन्नाचार्य ने कथा वाचन किया। कथा से पूर्व एक भव्य कलश यात्रा भी निकाली गई। कलश यात्रा में नगरपालिका की चेयरमैन रीना बंटी एवं पार्षद कृष्णा जांगड़ा ने भी हिस्सा लिया।
समिति प्रधान सुरेश राजस्थानी एवं दलीप शर्मा ने बताया कि शहर की पंचायत धर्मशाला से कथा स्थल तक एक कलश यात्रा निकाली गई। इस कलश यात्रा में 331 महिलाओं ने भाग लिया। मुख्य यजमान के रूप में पूर्व जिला प्रमुख सुरेंद्र कौशिक रहे। कलश यात्रा सिनेमा रोड़, बालाजी चौक, गांधी पार्क मार्केट, शंकर बाजार, सब्जी मंडी, शहर के आजाद चौक से गुजरती हुई कथा स्थल तक पहुंची।
वृंदावन से आए महाराज के भक्त अर्जुन दास ने कीर्तन के माध्यम से गीता लाभ लेने की विधि बताई। कार्यक्रम की व्यवस्था को सुचारु रूप से संभालने में श्रीकिशन मस्ताना, मनोज जेरपुरिया, किशन लाल बोहरा, मनीष सैनी, रमेश बोहरा, सेठ हनुमान प्रसाद, रोहताश सोनी, राकेश अरोड़ा, सरपंच रामनिवास, प्रेम पाल वाले, धर्मबीर डुलाना, अमित गोयल, कुसुम अहरोदिया, पुष्पा देवी, सरोज सहित अनेकों श्रद्धालुओं का योगदान रहा।