सीआईए नारनौल की टीम ने कनीना रेवाड़ी मार्ग पर ओपीवाई स्कूल के पास एक स्विफ्ट गाड़ी से करीब 80 किलो गांजा पकड़ा है। यह गांजा आंध्र प्रदेश से लाया जा रहा था। पुलिस ने मालड़ा बास निवासी कर्मबीर को गाड़ी के साथ गिरफ्तार किया है।
सोमवार की शाम सीआईए टीम को सूचना मिली थी कि एक गाड़ी में अवैध से गांजा भरकर रेवाड़ी से महेंद्रगढ़ की ओर लाया जा रहा है। सीआईए की टीम ने तुरंत रेवाड़ी कनीना रोड़ पर पहुंचकर नाकेबंदी कर दी। ओपीवाई स्कूल के पास एक स्विफ्ट डिजायर गाड़ी को रुकवाकर चेक किया तो गाड़ी के अंदर 38 पैकेट गांजे के मिले। जिनमें लगभग 80 किलो ग्राम गांजा बताया जा रहा है। गाड़ी ड्राइवर मालड़ा निवासी आरोपी कर्मबीर के पास पुलिस ने लाइसेंस चेक किया तो उसके पास लाइसेंस भी नहीं था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया तथा गांजे एवं गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई आरंभ कर दी। इस टीम में एएसआई अनिल कुमार, एएसआई लाल सिंह, एएसआई संजय, एचसी संजय, एचसी संजीत, एचसी सुशील, दीपक, सिपाही प्रिंस, सिपाही राकेश सहित अन्य पुलिस कर्मचारी उपस्थित रहे। जिले में इस प्रकार के नशीले पदार्थो की तस्करी करने वालों को किसी भी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा। सीआईए इंचार्ज जसवीर सिंह ने बताया कि आरोपी आंधप्रदेश से यह गांजा लेकर आया था। वह महेंद्रगढ़, कनीना तथा आसपास क्षेत्र में इसको बेचता।