अमर उजाला ब्यूरो
सतनाली मंडी। रेल मंत्रालय से गाड़ी संख्या 15623-24 कामाख्या-भगत की कोठी साप्ताहिक एक्सप्रेस के सतनाली में ठहराव को मंजूरी मिल गई है। उत्तर-पश्चिम रेलवे जयपुर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अभय शर्मा के बताया 10 फरवरी से कामाख्या-भगत की कोठी साप्ताहिक एक्सप्रेस का सतनाली में प्रायोगिक तौर पर 6 माह का ठहराव दिया जा रहा है। ठहराव को समीक्षा उपरांत बढ़ाया भी जा सकता है।
गाड़ी संख्या 15624 कामाख्या-भगत की कोठी साप्ताहिक एक्सप्रेस कामाख्या से प्रत्येक शुक्रवार को शाम 17:15 बजे रवाना होकर कोकराझार, न्यू जलपाईगुड़ी, कटिहार, बेगूसराय, पटना, वाराणसी, फैजाबाद, लखनऊ, मुरादाबाद, गाजियाबाद होते हुए रविवार को सुबह 9:50 बजे दिल्ली जंक्शन और दोपहर 13:33 बजे सतनाली से होते हुए सादुलपुर, डेगाना, जोधपुर होते हुए रात 22:00 बजे भगत की कोठी पहुंचेगी। गाड़ी संख्या 15623 भगत की कोठी-कामाख्या एक्सप्रेस प्रत्येक मंगलवार को शाम 16:00 बजे भगत की कोठी से रवाना होकर रात 00:33 बजे बुधवार को सतनाली पहुंचेगी। इसी रास्ते से गुरुवार रात्रि 23:05 बजे कामाख्या पहुंचेगी।
रेल संघर्ष समिति प्रधान दीवान सिंह शेखावत ने बताया कि गाड़ी के 10 फरवरी के प्रथम ठहराव पर सतनाली रेल संघर्ष समिति की ओर से स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें सांसद चौ. धर्मबीर सिंह मुख्य अतिथि होंगे। उन्होंने बताया कि समिति काफी लंबे समय से सतनाली में 22471-72 बीकानेर इंटरसिटी व 15623-24 कामाख्या-भगत की कोठी साप्ताहिक एक्सप्रेस के ठहराव का प्रयास कर रही थी।