अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। नगर परिषद ने शहर में अवैध रुप से लगे होर्डिंग्स पर सोमवार को कार्रवाई शुरू कर दी है। नप की टीमों ने रेवाड़ी रोड, महेंद्रगढ़ और सिंघाना रोड पर से अवैध रूप से लगे होर्डिंग को हटाया। नप ने ऐसे लोगों को चेतावनी दी है कि यदि दोबारा बिना अनुमति के होर्डिंग लगाया तो कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। अवैध होर्डिंग के बारे में अमर उजाला ने 14 दिसंबर को पोस्टर और होर्डिंग्स ने बिगाड़ी शहर की सूरत, 13 संस्थानों को नप ने दिया नोटिस शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी, जिसके बाद नगर परिषद की टीम ने सोमवार को रेवाड़ी रोड से बिजली के पोल से लगे अवैध होर्डिंग्स को हटाने का कार्य शुरू किया।
इसके बाद सिंघाना रोड और महेंद्रगढ़ रोड पर से अवैध होर्डिंग्स को हटाया। शहर की तीनों रोड से होर्डिंग्स हटाने से शहर साफ दिखाई देेने लगा। नगर परिषद की चेयरमैन भारती सैनी ने बताया कि शहर की तीन सड़कों से होर्डिंग्स को हटवा दिया गया है। उन्होंने कहा कि नप की ओर से यह अभियान जारी रहेगा। दो टीमों को लगाया गया है। उन्होंने कहा कि बिना अनुमित के शहर में लोग पोस्टर व होर्डिंग्स न लगाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण शुरू हो गया है। ऐसे में लोग शहर की सफाई में अपना योगदान दे।
बता दें कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2019 का कार्य शुरू हो गया है और एक लाख की आबादी वाले वर्ग में नगर परिषद नारनौल भी शामिल है। ऐसे में नप को स्वच्छता रैंकिंग को लेकर चिंता बढ़ गई है। नप सफाई के साथ अवैध रुप से लगे पोस्टर व होर्डिंग्स के पर कार्रवाई करने में जुट गया है। नप ने सरकारी प्रॉपर्टी पर पोस्टर लगाने वाले 13 संस्थानों को नोटिस भेजा हुआ है। इसमें निजी स्कूल, अस्पताल, कोचिंग सेंटर व ब्यूटी सेंटर समेत अन्य शामिल है।
बिना अनुमति लगे हुए थे
व्यवसायिक समेत अन्य लोग भी प्रचार सामग्री को लोग शहर में कहीं भी लगा ले रहे हैं। जबकि शहर में पोस्टर, बैनर, होर्डिंग्स व फ्लैक्स बोर्ड सहित सभी प्रकार की प्रचार सामग्री को डिस्पले करने से पहले नप से परमिशन लेनी होती है। लोग बिना परमिशन मनमर्जी से शहर में बिजली के खंभों, चौक-चौराहों, सरकारी दीवारों सहित कहीं पर भी लगा देते हैं।
वर्जन
स्वच्छता सर्वेक्षण का कार्य शुरू हो गया है। नप शहर में सफाई कराने में जुटा हुआ है। इसी के तहत शहर में लगे होर्डिंग्स को हटाया जा रहा है। पोस्टर लगाने वाले को पहले ही नोटिस जारी किया गया है।
- भारती सैनी, चेयरमैन, नप, नारनौल।