बिना सूचना के सरसों खरीद रोकी तो किसानों ने नेशनल हाईवे पर लगाया जाम
नारनौल। नांगल चौधरी रोड पर स्थित नई अनाज मंडी में चल रही सरसों खरीद वीरवार को अचानक बिना किसी पूर्व सूचना के रोक दी गई। जबकि विभाग द्वारा जारी किए गए शेडयूल के अनुसार किसान वीरवार सूर्योदय से पूर्व ही अपने-अपने संसाधनों में सरसों भरकर मंडी में पहुंच गए थे। किसानों को 12 बजे तक भी टोकन वितरित नहीं किए गए तो बिफर गए और जयपुर-नारनौल नेशनल हाईवे पर अवरुद्ध डालकर जाम लगा दिया।
करीब एक घंटे लगे जाम के चलते हाइवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई। इस दौरान जाम में फंसे लोग किसानों से उलझ गए। करीब एक घंटे बाद पहुंचे मार्केट कमेटी के चेयरमैन जेपी सैनी ने किसानों को खरीद शुरू करवाने का आश्वासन देकर जाम को खुलवाया।
हैफेड विभाग द्वारा जारी किए गए गांवों के शेड्यूल के अनुसार वीरवार 3 मई को डोहर खुर्द, अमरपुरा जोरासी व लुतफपुर गांवों के किसानों की सरसों खरीद की जानी थी। शेडयूल के अनुसार किसान वीरवार अल सुबह ही ट्रैक्टर-ट्रालियों में अपनी सरसों लादकर नांगल चौधरी रोड स्थित नई अनाज मंडी में पहुंच गए। लेकिन 9 बजे तक किसानों के टोकन भी नहीं काटे गए। इस दौरान मंडी में पहुंचे एसडीएम जगदीश शर्मा को देख किसान उनके पास पहुंच गए और उनसे खरीद शुरू करवाने की गुहार लगाई। इस पर एसडीएम ने किसानों को कुछ देर बाद खरीद शुरू करवाने का आश्वासन देकर वहां से चले गए। लेकिन इसके बाद भी 12 बजे तक सरसों खरीद शुरू नहीं हुई तो गुस्साएं किसानों ने नारनौल-जयपुर नेशनल हाईवे पर अवरुद्ध डालकर जाम लगा दिया।
नहीं पहुंचा कोई अधिकारी या पुलिस
दोपहर बारह से एक बजे तक लगे जाम के दौरान कोई भी पुलिस कर्मचारी व विभाग से कोई भी अधिकारी नहीं पहुंचा। इसी दौरान किसी किसान ने मार्केट कमेटी के चेयरमैन जेपी सैनी को फोन पर इसकी सूचना दी। इसके बाद पहुंचे चेयरमैन ने मोबाइल पर डीएफसी अधिकारी को किसानों की समस्या से अवगत करवाया, लेकिन उन्होंने अनसुना कर दिया। इसके बाद चेयरमैन ने डीसी को सूचना दी। डीसी ने चेयरमैन को किसानों को आधे घंटे बाद खरीद शुरू करवाने का आश्वासन देकर जाम खुलवाने की बात कही। इसके बाद चेयरमैन डीसी के आश्वासन को किसानों के सामने रखते हुए जाम खोलने की अपील की। इसके बाद किसानों ने जाम खोल दिया।
खरीद शुरू नहीं होने पर डीसी कैंप पहुंचे किसान
डीसी के आश्वासन के बाद भी जब शाम चार बजे तक हैफेड और डीएफसी विभाग का कोई अधिकारी खरीद कार्य शुरू करने नहीं पहुंचा तो गुस्सायें किसान डीसी कैंप कार्यालय ही पहुंच गए। लेकिन डीसी फील्ड में होने के कारण किसानों की समस्या का समाधान नहीं हो पाया। देर शाम तक किसान डीसी कैंप कार्यालय पर ही डटे हुए थे।
जाम के दौरान उलझे किसान व राहगीर
सरसों खरीद नहीं होने पर किसानों द्वारा लगाए गए जाम में फंसे राहगीर व यात्री जाम खोलने तथा उन्हें जाने की बात को लेकर कई बाद आपस में उलझ गए। हालांकि किसानों ने जाम में काफी देर से फंसे कुछ वाहनों को जाने दिया।
दो मई की शाम को शेडयूल वाले गांवों में मुनादी करके 3 मई को सरसों की खरीद नहीं की सूचना दे दी थी। -हैफेड डीएम रामकुंवार
बुधवार शाम को तूफान व बारिश के कारण 3 मई को सरसों की की खरीद कार्य रोका गया है। -डीएफसी योगेंद्र राणा