अल्प बचत: निर्धारित लक्ष्य से दोगुनी राशि हुई जमा
नारनौल। उपायुक्त डा. गरिमा मित्तल के मार्गदर्शन में निदेशालय अल्प बचत द्वारा वित्त वर्ष 2017-18 के लिए निर्धारित लक्ष्य के दोगुने से अधिक की धनराशि अल्प बचत योजनाओं में जमा हुई है। जिले के लिए निर्धारित 27.50 करोड़ रुपये की बजाय 66 करोड़ रुपये इन योजनाओं में निवेश किए हैं।
जिला अल्प बचत अधिकारी विजेंद्र सिंह कुंडू ने बताया कि लगभग 200 महिला प्रधान क्षेत्रीय बचत योजना एवं सैकड़ों स्टैंडर्ड एजेंसी सिस्टम यानी एसएएस अभिकर्ताओं की टीम जिले भर में लोगों को जागरूक करके बचत योजनाओं में राशि जमा करवाई है। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं में जमाकर्ता को आकर्षक ब्याज के साथ-साथ सुरक्षित निवेश भी जमाकर्ता को मिलता है। जिला के सभी डाकघरों में संचालित मुख्य योजनाओं के डाकघर बचत खाता, डाकघर मासिक आय योजना, किसान विकास पत्र, मासिक आय योजना, राष्ट्रीय बचत पत्र, एक वर्ष से लेकर पांच वर्ष तक डाकघर सावधि जमा योजना एवं वरिष्ठ नागरिक योजना शामिल हैं।
राष्ट्रीय बचत योजनाएं
किसान विकास पत्र में 8 वर्ष 7 महीने में जमा की गई राशि दोगुनी व 2 वर्ष 6 महीने के बाद समय पूर्व भुनाने की सुविधा उपलब्ध है। अधिकतम राशि की इसमें कोई सीमा नहीं है। मासिक आय योजना में 8 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर व ब्याज की राशि हर महीने लेने की सुविधा है। योजना की अवधि में 6 वर्ष व परिपक्वता पर 5 प्रतिशत की दर से बोनस। खाता 1 वर्ष बाद कटौती के साथ बंद किया जा सकता है। एकल खाते में अधिकतम 4.5 लाख रुपये तथा संयुक्त खाते में 9 लाख रुपये जमा करवाए जा सकते हैं। 5 वर्षीय डाकघर आवर्ती जमा खाता में 100 रुपये प्रतिमाह जमा कराने पर परिपक्वता पर 7289 रुपये मिलते हैं। इसमें योजना की अवधि 5 वर्ष। खाता न्यूनतम 10 रुपये तथा अधिकतम कितनी भी राशि का खोला जा सकता है। खाते को परिपक्वता के बाद और 5 वर्ष के लिए बढ़ाया जा सकता है। 6 महीने एवं 12 महीने के लिए अग्रिम जमा धन पर निर्धारित छूट मिलती है।