184 विद्यार्थियों ने दी एनसीसी की परीक्षा
अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में वीरवार को एनसीसी परीक्षा का आयोजन किया गया। 16 हरियाणा बटालियन एनसीसी नारनौल के सौजन्य से आयोजित परीक्षा में कनिष्ठ वर्ग की लड़कों एवं लड़कियों ने भाग लिया।
प्रधानाचार्य आरपी कौशिक ने बताया कि कनीना उपमंडल के सात स्कूलों के 184 परीक्षार्थियों ने लिखित एवं प्रायोगिक परीक्षा दी। उन्होंने बताया कि परीक्षा में 55 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले परीक्षार्थियों को एनसीसी ए वर्ग का प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा। सूबेदार सतीश कुमार एवं एनसीसी अधिकारी राकेश ने बताया कि कनिष्ठ वर्ग की परीक्षा में राजकीय माडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय महेंद्रगढ़ के 35, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दौंगड़ा अहीर 40, जवाहर नवोदय विद्यालय करीरा के 16, रावमावि कनीना 39, नांलदा विद्यालय डालनवास के 24, रावमावि बवानिया के 15, यदुवंशी शिक्षा निकेतन महेंद्रगढ़ के 15 कैडेट्स ने परीक्षा दी। जिसमें दौगड़ा अहीर की 29 एनसीसी की लड़कियों ने परीक्षा दी। लिखित परीक्षा के 385 अंक एवं प्रायोगिक परीक्षा के लिए 115 अंक निर्धारित थे। जिसमें 45 प्रतिशत अंक उत्तीर्ण होने तथा औसत अंक 55 प्रतिशत अंक प्राप्त करना ए प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए अनिवार्य रूप से निर्धारित किए गए हैं। इस अवसर पर डॉ. ईश्वरचंद शर्मा, जितेंद्र शर्मा, सतीश कौशिक, विनीत गोयल, विकास सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित था।