सड़कों पर बह रहे सीवेज के पानी का हुआ हुआ समाधान
नारनौल। शहर में जगह-जगह गलियों और मुख्य मार्गों पर बह रहे गंदे पानी की समस्या से लोगों को अब निजात मिलेगी। इसके लिए नगर परिषद और जनस्वास्थ्य विभाग ने सीवेज व नालियों को दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया है। वीरवार को पुरानी कचहरी के पास, मोहल्ला खटीकान में सीवेज और नालियों को दुरुस्त किया गया। इससे लोगों ने राहत की सांस ली है।
शहर में कुछ दिनों से सीवेज और नालियों का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा था। इससे लोगों को परेशानी हो रही थी। यह दूषित पानी पेयजल लाइनों में भी जा रहा था। इस कारण लोगों के घरों में भी गंदे पानी सप्लाई हो रही थी। इस समस्या को अमर उजाला ने बुधवार के अंक में ‘सीवेज का पानी सड़कों और घरों में पहुंचा, अधिकारी कर रहे टालमटोल, लोग परेशान’ शीर्षक के साथ लीड समाचार के रूप में प्रमुखता से उठाया। इस पर नप के अधिकारियों ने संज्ञान लेते हुए वीरवार को ही प्रभावित क्षेत्र के नालियों की सफाई कराई और सीवेज को दुरुस्त कराया।
अमर उजाला में समाचार प्रकाशित होने के बाद बुधवार से ही परिषद और जनस्वास्थ्य विभाग की टीम ने शहर का दौरा किया। इसके बाद अधिकारियों ने जहां-जहां पर नालियों का पानी भरा था, उसकी निकासी का प्रबंध किए। वहां पर नालियों की निकासी नहीं थी वहां पर पानी को सीवेज में कनेक्शन करवाए। वहीं जहां पर सीवेेज के मेनहोलों के ढक्कन टूटे पड़े थे, वहां पर नए सीवरेज के ढक्कन लगाए गए।
गत 6 दिसंबर को सीवरेज व नालियों की खबर प्रकाशित होने के बाद शहर में सीवरेज और नालियों को प्रशासन की ओर से ठीक कराया जा रहा है। इसके लिए शहरवासी हरनारायण, कमलेश देवी, प्रेमचंद्र, अतुल जैन सहित अन्य शहरवासियों ने अमर उजाला समाचार पत्र का धन्यवाद किया।
--
सीवेज के मेनहोलों को चेक कराया गया है, जहां-जहां कमी मिली, उनको ठीक कर दिया गया है। वहीं ज्यादा समस्या नालियों से हो रही थी। उनको भी नप के कर्मचारियों ने ठीक कर दिया है।
-निशांत कुमार, जेई, जनस्वास्थ्य विभाग