अटेली में चरमराई सफाई व्यवस्था, लोग परेशान
मंडी अटेली। नगर पालिका की अनदेखी से कस्बे में सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है। इससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है। इसके अलावा सफाई न होने से कस्बे के बाबा सेवादास मार्केट, रेलवे फाटक के समीप, झंडा चौक, ताजपुर गेट, थाने के समीप व वाल्मीकि बस्ती के आसपास गंदगी के ढेर लगे हुए है। इन पर लावारिस पशुओं के मुंह मारने से कूड़ा फैल जाता है। कस्बा निवासियों ने अनेक बार नपा प्रशासन से सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की लेकिन परिणाम वहीं ढाक के तीन पात साबित हो रहे है। सरकार के सामने वाह-वाही लूटने के लिए नपा प्रशासन ने एकाध स्थान पर हाथों में झाड़ू लेकर सफाई अभियान चलाने का कार्य किया मगर वह कागजी कार्यवाही तक ही सिमट कर रह गया।
नपा प्रशासन ने अटेली थाना, नगरपालिका कार्यालय और अस्पताल के पास कूड़ा पात्र रखवाकर खानापूर्ति करने का कार्य किया लेकिन कूड़ापात्रों की सफाई न होने से वह भी गंदगी से लबालब भरे हैं। जिससे गंदगी मुख्य सड़क पर फैल गई है। कस्बे के वार्डों की गलियों में गंदगी का आलम है और पानी निकासी न होने से नालियां भी कूड़े के ढेर से भरी हुई है। कस्बे के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि कस्बे की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए।
-25 सफाई कर्मी कर रहे 11 वार्डों की सफाई
नपा प्रशासन के आंकड़ों पर नजर डाली जाए तो 25 सफाई कर्मचारियों को कस्बे में तैनात किया हुआ है जो कस्बे के 11 वार्डों में सफाई करने में लगे रहते है लेकिन बड़ा क्षेत्र होने के कारण सफाई कर्मचारी आए दिन एक या दो गली को ही साफ कर पाते है बाकी स्थानों पर सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है। सबसे बड़ा मुख्य कारण यह है कि नपा द्वारा उठाए जा रहे कूड़े को डालने के लिए कोई स्थाई जगह नहीं है। इसलिए नालियों से निकाली गई गंदगी सड़क पर ही काफी समय तक पड़ी रहती है।
कस्बे की नालियों की सफाई न होने के कारण नालियां गंदगी से लबालब भरी हुई है जिससे अधिकांश समय गंदा पानी सड़क मार्ग पर भी फैल जाता है। नपा प्रशासन को चाहिए कि समय-समय पर सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करती रहे, ताकि लोगों को परेशानी से न जूझना पड़े । ----देशराज चौहान, नागरिक
नपा प्रशासन द्वारा कुछ स्थानों पर कूड़ा पात्र रखवाए गए हैं, लेकिन समय पर कूड़ापात्र की सफाई न होने से गंदगी से भरे हुए है। नपा प्रशासन अगर कस्बे को साफ-सुथरा बनाने का कदम उठाती है तो आए दिन कूड़ापात्रों की सफाई अवश्य कराएं ।---राजेश शर्मा
सफाई व्यवस्था के लिए सफाई कर्मचारी प्रतिदिन कार्य करने में जुटे रहते है फिर भी किसी स्थान पर गंदगी व कूड़े के ढेर है तो उन्हें हटवाया जायेगा ताकि लोगों को परेशानी से न जूझना पड़े।--विकास यादव, नपा चेयरमैन