बंदरों के आतंक से आमजन परेशान, जल्द पकड़ने की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। शहर के नया बाजार सहित शहर विभिन्न मोहल्लाें में दिन-प्रतिदिन बंदरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। बंदरों के बढ़ते आतंक से आमजन के साथ-साथ व्यापारी भी परेशान है। पूरे शहर में इन बंदराें का आतंक बढ़ता ही जा रहा है। इससे पूरे शहरवासी परेशान है।
व्यापार मंडल के सहसचिव मोहित जिंदल और अन्य व्यापारियाें ने जिला प्रशासन मांग कि इन बंदराें को जल्द पकड़ा जाए। इससे आमजन बंदरों के आतंक से मुक्त हो सके। जिंदल ने बताया कि मोहल्ला गुरुनानकपुरा में दस दिन पहले इन बंदराें ने तीन महिलाआें को घायल कर दिया था। हालात इतने ज्यादा बिगड़ चुके है कि बच्चे और महिलाआें ने घराें से निकलना बंद दिया है। सबसे व्यस्त आजाद चौक और नया बाजार में बंदरों ने आतंक मचा रखा है। बाजार आने वाले लोगाें के हाथाें से थैला छीनकर भाग जाते हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग कि जल्द से जल्द इन बंदराें को पकड़कर कही दूर जंगलों में छुड़वाया जाए, ताकि आमजन को इस परेशानी से निजात मिल सके।