अमर उजाला ब्यूरो
मंडी अटेली। गांव बेगपुर के युवकों ने सड़क के साथ खड़ी घास को उखाड़ कर सफाई की। युवकों के समूह ने रविवार को गांव के बाबा भइया पर भी सफाई अभियान चलाकर वहां पड़ी गंदगी को साफ किया।
गांव की सरपंच शर्मीला ने युवकों के इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं का यह कदम गांव की सफाई के लिए अहम काम करेगा। गांव में जहां भी गंदगी पड़ी दिखाई देती है, युवा वहां सफाई अभियान चलाकर सफाई करते हैं। युवा धर्मेंद्र, उमेश कुमार, टीटू, संदीप कुमार, पवन कुमार, राकेश कुमार, अजीत सिंह आदि ने गांव में सफाई अभियान चलाकर गांव के मुख्य मार्ग की सफाई की। गांव के युवाओं का यह प्रयास रंग भी ला रहा है। गांव के युवाओं को देखकर छोटे बच्चे भी इस अभियान में जुड़ने लग गए हैं। गांव की सरपंच ने बताया कि पड़ोसी गांवों में जब से डेंगू मरीज मिलने की बात युवकों ने सुनी तब से गांव में सफाई रखने की प्रतिज्ञा कर ली। युवकों ने मिलकर गांव की गंदगी वाले स्थानों पर सफाई की। युवाओं के इस प्रयास की ग्रामीण प्रशंसा कर रहे हैं।