अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। शहर के बाजारों की सड़कों की हालत जर्जर होने के कारण आमजन परेशान है। एक सड़क पर 20 से 25 फिट लंबे गड्ढ़े हैं। बारिश के बाद यह टूटी हुई सड़क जोहड़ जैसी दिखने लगती है। कई बार बाइक सवार गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। पालिका प्रशासन से इस बारे में कई बार शिकायत की जा चुकी है, इसके बाद भी इस सड़क की मरम्मत नहीं की जा रही। नगरवासी कई बाद प्रशासनिक अधिकारियों से भी इस सड़क को सही करने की गुहार लगा चुके हैं।
बारिश नहीं होने पर इस सड़क पर पूरे दिन धूल उड़ती रहती है। सुबह से शाम तक धूल भरे माहौल में रहने के कारण दुकानदारों को सांस की बीमारी होने का खतरा बना रहता है। डॉ. मनीष यादव ने बताया कि धूल की वजह से लोगों को दमे की बीमारी हो सकती है। साथ ही सांस से जुड़ी अन्य समस्याएं भी हो सकती हैं।
यहां-यहां टूटी हुई हैं सड़क
शहर के शहर के रेलवे रोड, अनाज मंडी रोड, पुराना गर्ल्स कॉलेज रोड, ब्रह्मचारी रोड, टेलीफोन एक्सचेंज रोड, सिनेमा रोड, शॉपिंग कॉम्पलेक्स आदि मार्ग टूटे हुए हैं। इस कारण लोगों को अनेक तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
क्या कहते हैं लोग
गर्ल्स कॉलेज के पास मोड़ पर सड़क टूटी हुई है। अनेकों लोग बाइक से गिरकर चोटिल हो चुके हैं। वाहन गुजरने से बड़ी मात्रा में धूल उड़ती है। प्रशासन को इस बारे में अवगत भी करवाया है, लेकिन समस्या का समाधान अभी तक नहीं हुआ है।
-पंकज जोशी
रेलवे रोड पर सड़क खराब होने के कारण जाम की स्थिति बनी रहती है। बारिश के दौरान यहा पानी भर जाने से बाइक और कारें बंद हो जाती हैं। अनेक बार नपा प्रशासन से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन स्थित ज्यों की त्यों बनी हुई है।
-सुरेश निबेंहड़िया
बालाजी चौक से अनाज मंडी तक लगभग पूरी सड़क टूटी हुई है। इस क्षग्रिस्त सड़क से वाहन गुजरते हैं तो धूल उड़ती रहती है। टूटी सड़क होने के कारण हर यहां पर जाम लगता है। इसके बाद भी इसे सही नहीं कराया जा रहा।
-देवेंद्र कुमार
छाजूपुरम कॉलोनी के लिए जाने वाली सड़क टूटी हुई है। बारिश के दिनों में सड़क के गढ्ढे दिखाई नहीं देते और बाइक चालक के साथ ही पैदल चलने वाले चोटिल हो जाते हैं। शिकायत के बाद भी सड़क सही नहीं कराई जा रही।
-सतपाल
नगरपालिका ने सड़क रिपेयरिंग का कार्य शुरू कर दिया है। बहुत सी सड़कों की मरम्मत की जा चुकी है। जिन सड़कों की मरम्मत नहीं हुई, उनकी भी जल्दी करवा दी जाएगी।
-नपा चेयरपर्सन रीना बंटी