नारनौल। सरकार ने सरसों व गेहूं की तरह चने की फसल का भी सरकारी समर्थन मूल्य पर खरीद करने का निर्णय लिया है। 18 से 20 मई तक जिले की नारनौल व महेंद्रगढ़ मंडी में चने की खरीद होगी। चने की खरीद भारत सरकार द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य 4620 रुपये प्रति क्विंटल की दर से होगी। चने की यह खरीद किसानों से सीधे मार्केटिंग सोसायटी के माध्यम से की जाएगी। यह जानकारी हैफेड के जिला प्रबंधक देशराज यादव एवं मार्केटिंग सोसायटी के चेयरमैन ओमप्रकाश शर्मा ने संयुक्त रूप से दी। यह खरीद नेफेड के लिए की जाएगी। उन्होंने बताया कि चने की खरीद हैफेड अपनी मार्केटिंग सोसायटी के माध्यम से करेगी। एक एकड़ का 3.83 क्विंटल उत्पादन तय किया गया है और एक दिन में एक किसान का 25 क्विंटल से ज्यादा चना नहीं खरीदा जाएगा। बता दें कि चने की खरीद कई सालों बाद सरकारी रेट पर खरीद की जा रही है। किसानों को चना फसल समर्थन मूल्य पर बेचने के लिए गिरदावरी नकल, खाता-खतौनी के साथ-साथ पटवारी से चना उत्पादन की रिपोर्ट लिखवाकर लानी होगी। इसके साथ ही किसान को अपना आधार व बैंक कॉपी भी साथ लानी होगी। चना उन्हीं किसानों का खरीदा जाएगा, जिन्होंने पोर्टल पर पहले से पंजीकरण करा रखा है।