अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। उच्चतर शिक्षा विभाग ने कॉलेजों को प्लेसमेंट का रिकॉर्ड ऑनलाइन करने के निर्देश दिए हैं। रिकॉर्ड ऑनलाइन होने के बाद एक क्लिक करते ही पता चल सकेगा कि किस कॉलेज में कितने रोजगार मेले लगे और किस कोर्स में कितने छात्रों को नौकरी मिली।
कॉलेजों में पढ़ाई के दौरान ही विद्यार्थियों को रोजगार प्रदान कराने के उद्देश्य से उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से कई सालों से रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा विद्यार्थियों का इंटरव्यू लेकर नौकरी दी जा रही है। लेकिन रोजगार मेलों का ऑनलाइन रिकॉर्ड डिपार्टमेंट के पास उपलब्ध नहीं है। ऐसे में विभाग ने सभी कॉलेजों के प्लेसमेंट को निर्देश दिए हैं कि रिकॉर्ड को ऑनलाइन करें। इसके बाद कॉलेजों में लगने वाले रोजगार मेलों के लिए शामिल होने वाली कंपनियों और विद्यार्थियों को निमंत्रण भी ऑनलाइन ही भेजा जाएगा।
ये मिलेंगी जानकारी
ऑनलाइन रिकॉर्ड होने से कंपनी के लोग देख सकेंगी कि रोजगार मेला किस दिन, कितने बजे एवं कहां निर्धारित किया गया है। ये भी पता चलेगा कि संबंधित योग्यता से जुड़े कितने विद्यार्थी रोजगार मेले में शामिल होने वाले हैं। इसमें कौन सी कंपनियां आएंगी, किस पद पर वैकेंसी है, क्या-क्या शैक्षिक योग्यता चाहिए जैसी जानकारी मिल सकेगी। दूसरी ओर विद्यार्थियों को पता चल सकेगा की किसका चयन किस पद के लिए व कितने पैकेज पर हुआ है। प्लेसमेंट सेल की जिम्मेदारी होगी कि सारी सूचनाएं विस्तृत प्रोफोर्मा के तहत ऑनलाइन की जाए।
छात्रों को करियर संबंधी जानकारी दी
राजकीय पीजी कॉलेज में विद्यार्थियों के लिए रोजगार प्रशिक्षण कैंप लगाया गया है। प्लेसमेंट सेल के प्रभारी महेंद्र सिंह मुदगिल ने बताया कि छह दिवसीय ट्रेनिंग कैंप लगाया गया है। इसमें विद्यार्थियों को साक्षात्कार के लिए विभिन्न पहलुओं के बारें में जानकारी दी जा रही है। इसमें नांगल चौधरी के दो कॉलेज, अटेली के दो कॉलेज,शहर के तीन कॉलेजों के छात्र भाग ले रहे हैं। छात्रों को बायोडॉटा तैयार करने और इंटरव्यू संबंधी जानकारी दी जा रही है। प्रशिक्षण के बाद छात्र नौ फरवरी को गुरुग्राम के गर्ल्स पीजी कॉलेज में होने वाले रोजगार मेले में शामिल होंगे।
वर्जन
उच्चतर शिक्षा विभाग ने निर्देशानुसार ऑनलाइन जानकरी देने का कार्य चल रहा है। फरवरी तक इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। ऑनलाइन प्लसेमेंट बनने के बाद कंपनियों व विद्यार्थियों को कॉलेजों में आयोजित होने वाले रोजगार मेलों के बारे में जानकारी मिल सकेगी।
- महेंद्र सिंह मुदगिल, प्रभारी प्लेसमेंट सेल, राजकीय पीजी कॉलेज नारनौल।