अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। शहर के सौंदर्यीकरण को बढ़ावा देने के लिए नगर परिषद द्वारा करोड़ों रुपये की लागत से शहर के महावीर चौक से रेवाड़ी रोड गंदे नाले तक नए लुक का डिवाइडर बनाने के साथ-साथ सड़क के दोनों ओर टाइलें बिछाने और दुकानों के साथ नाले का निर्माण करने की योजना तैयार की थी। ताकि सड़कों पर दिन भर उड़ने वाली धूल मिट्टी व बारिश में जमा होने वाले पानी से लोगों को निजात मिल सके।
योजना के पहले चरण में डिवाइडर बनाने का कार्य शुरू किया गया था। जिस पर करीब 24 लाख रुपये की राशि खर्च होनी थी, लेकिन डिवाइडर का निर्माण कार्य अधर में लटक गया है। यही नहीं रेवाड़ी रोड पर पार्क गली के पास डिवाइडर का निर्माण कार्य पूरा होने से पहले ही कई जगह दरार आई है। वहीं, एक-दो जगह से टूटकर झुक गया है। इससे कही न कही डिवाइडर के निर्माण कार्य में इस्तेमाल हुई सामग्री की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़ा हो रहा है।
बता दें कि शहर के सौंदर्यीकरण के लिए नगर परिषद नारनौल द्वारा शहर की सड़कों के दोनों ओर टाइलें बिछाने, नाले का निर्माण करने तथा डिवाइडर बनाने की योजना बनाई थी। जिसके तहत रेवाड़ी रोड पर बने पुराने डिवाइडरों को तोड़कर उनके स्थान पर नए लुक के डिवाइडर का निर्माण करने के साथ ही दोनों ओर जाली लगाकर उनके बीच पौधे लगाने थे। महावीर चौक से रेवाड़ी रोड तक डिवाइडरों का निर्माण तो कर दिया है, लेकिन उन पर टाइल, रंग पेंट, जाली व पौधे आदि लगाने का कार्य अधूरा पड़ा है। कई जगह डिवाइडरों के बीच में बनने वाले कट भी नहीं बन पाए है। जिससे वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। वहीं इससे हादसा होने का भय बना हुआ है।
रेवाड़ी पर बनने से पहले ही टूटा डिवाइडर
महावीर चौक से रेवाड़ी रोड गंदे नाले बनने वाले डिवाइडर का निर्माण कार्य अभी पूरा भी नहीं हुआ है कि रेवाड़ी रोड पार्क गली के पास का एक हिस्सा टूट कर झुक गया है। वहीं, कई जगह से डिवाइडर में दरार आ गई है। नगर परिषद अधिकारी इसे किसी वाहन की टक्कर लगने से गिरने की बात कह रहे है।
डिवाइडरों पर बननी है ग्रीन बेल्ट
नगर परिषद की योजना अनुसार डिवाइडरों के दोनों ओर जाली लगाकर उनके बीचों-बीच फूलदार पौधे लगाए जाने है। ताकि वाहनों के धुआं आदि से दिन-प्रतिदिन बढ़ रहे वायु प्रदूषण को कुछ कम किया जा सके। साथ ही जाली के माध्यम से डिवाइडरों के बीच लगने पौधों को पशुओं से बचाया जा सके।
सिंघाणा रोड से महावीर चौक तक बने डिवाइडर का कार्य भी अधर में
नगर परिषद द्वारा इसी वर्ष मार्च और अप्रैल में सिंघाणा रोड स्थित सुभाष पार्क से लेकर महावीर चौक तक डिवाइडर का निर्माण करवाया था। इन डिवाइडर पर भी नगर परिषद की जाली व पौधे लगाने की योजना थी। परंतु चार माह का लंबा समय बीतने के बाद भी अब तक इन डिवाइडर पर न तो टाइलें लगाई है और ना ही जाली व पौधे लग पाए है।
शहर में दुकानों के सामने बरसाती पानी की निकासी के लिए नालों का निर्माण कार्य शुरू होने के कारण डिवाइडरों का कार्य रोक दिया है। जल्द डिवाइडरों का निर्माण कार्य दोबारा से शुरू करवाया जाएगा। वहीं, टूटे हुए डिवाइडरों को भी दुरुस्त करवाया दिया जाएगा।
- भारती सैनी, चेयरपर्सन नगर परिषद नारनौल।