स्वास्थ्य विभाग के निदेशक ने निरीक्षण कर मरीजों से की बातचीत, पूछा -डॉक्टर बाहर की दवाइयां तो नहीं लिखते
अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़।
स्वास्थ्य विभाग के निदेशक रमेश धनखड़ ने वीरवार को उप नागरिक अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पूरे अस्पताल को चेक कर मरीजों से पूछा कि चिकित्सक बाहर की दवाइयां तो नहीं लिखते, डिलीवरी के नाम पर पैसे तो नहीं मांगे जाते। दौरे के दौरान निदेशक ने उप नागरिक अस्पताल में पौधरोपण भी किया।
शुक्रवार को सुबह 9.05 बजे स्वास्थ्य विभाग के निदेशक उप नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ पहुंचे। उनके आने की जानकारी मिलते ही अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। उन्होंने आपातकालीन सेवाएं, लेबर रूम, ओपीडी, महिला वार्ड, डेड हाउस आदि को चेक किया। निदेशक के दौरे के मद्देनजर प्रशासन ने अस्पताल की सफाई और अन्य व्यवस्था दुरुस्त कर ली थी। उन्होंने मरीजों से चिकित्सक बाहर की दवाइयां तो नहीं लिखते, डिलीवरी के नाम पर पैसे तो नहीं मांगे जाते जैसी जानकारी मांगी। उन्होंने चिकित्सकों से कहा कि वे सीनियर सिटीजन को प्राथमिकता दें। उनका पंजीकरण पहले करवाएं और उनको चेक भी पहले किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि 50 वर्ष की उम्र वाले लोगों को आंख चेक करवाने की सलाह दें। उन्होंने मरीजों को योग करने और सलाह देेने के बारे में भी कहा। इस मौके पर प्रवर चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेंद्र यादव, डॉ. रामपाल, एमओ डॉ. मनीष, फार्मासिस्ट जसवंत यादव सहित अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।