अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल।
लोकतंत्र सुरक्षा मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कुरुक्षेत्र से भाजपा सांसद राजकुमार सैनी ने कहा कि दो माह बाद वे नई पार्टी का गठन करेंगे। इसके बाद लोगों के बीच जाकर भाजपा शासन द्वारा कराए गए विकास का हिसाब पूछूंगा। वे शनिवार को मोहल्ला सलामपुरा में समाचार पत्र विक्रेता लालचंद सैनी के निवास पर पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। इससे पूर्व उन्होंने अग्रवाल सभा में कार्यकर्ताओं को भी संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि वे जनता के चुने गए जनप्रतिनिधि हैं। जनता ने उनको पांच साल के लिए चुनकर भेजा है। ऐसे में वे अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने लोगों को जोड़ने की बजाय तोड़ने का काम किया है इसलिए वे दो माह बाद एक नई पार्टी बनाएंगे। उन्होंने कहा कि वे भाजपा पार्टी नहीं छोड़ेंगे, अगर पार्टी उन्हें निकालती है तो वे पार्टी छोड़ देंगे। उन्होंने कहा कि हम से बाद में आजाद होने वाले देश आज बहुत तरक्की कर चुके हैं लेकिन भारत को कांग्रेस की नीति ने भूखे और नंगों की कतार में खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा कि आज भी देश में कोयला व खनिजों का अथाह भंडार है लेकिन कांग्रेस की भ्रष्ट नीति के कारण देश में ना तो बेरोजगारों को रोजगार मिला और ना ही समानता का हक मिला।
सांसद राजकुमार सैनी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि मौजूदा कांग्रेस पार्टी में ना तो नेतृत्व है और ना ही सोनिया गांधी व राहुल गांधी को देश के किसान व गरीबों की जनसमस्याओं का ज्ञान है। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी के नेताओं को किसान, गरीब, मजदूर वर्ग की समस्याओं के बारे में ही नहीं पता तो उनकी फौज कैसी होगी इसका आम आदमी भी अंदाजा लगा सकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सदा पूंजीपतियों व भ्रष्ट लोगों को बढ़ावा दिया है।
सैनी ने कहा कि देश का मुखिया ईमानदार होने से नीचे कुछ अंकुश जरूर लगा है लेकिन पिछली सरकारों ने देश का ढांचा इस कदर भ्रष्ट कर दिया था कि देश की सारी व्यवस्था आज भी उन्हीं भ्रष्ट लोगों ने हाईजैक की हुई है।
उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि जब भाजपा सबका साथ सबका विकास का नारा दे ही रही है तो सरकार को देश में जातिगत प्रतिशत के आधार पर सौ प्रतिशत आरक्षण तुरंत प्रभाव से लागू कर देना चाहिए ताकि सरकार का नारा भी सार्थक सिद्ध हो सके। सांसद ने कहा कि लेकिन बड़े दुर्भाग्य की बात है कि प्रदेश में जिस पिछड़े वर्ग के 50 प्रतिशत लोगों ने भाजपा को सत्ता दिलवाई आज वो ही सरकार इन लोगों के खिलाफ ही सुप्रीम कोर्ट में आरक्षण मांगने वालों की पैरवी कर रही है। इस मौके पर मंच के युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश राव पायलट, प्यारेलाल कटारिया, सैनी सभा नारनौल के पूर्व प्रधान मास्टर जयप्रकाश सैनी, मोहर सिंह सैनी, समाजसेवी सुरेशपाल, सीताराम तोंदवाल, महेंद्र जमालपुरिया, सैनी सभा के सचिव निहाल सिंह, कोषाध्यक्ष बलवंत सिंह, पूर्व सचिव सतीश सैनी, भीम सिंह, चितररूराम, मुंशीराम, हीरालाल सैनी आदि मौजदू रहे।