अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़।
प्रदेश सरकार के मंत्रियों के कुत्ते एक हजार रुपये के बिस्कुट खा जाते हैं उतनी ही सैलरी आशा वर्कर्स को दी जाती है। यह आरोपप आशा वर्कर्स यूनियन ने प्रदेश सरकार पर लगाया। सोमवार को आशा वर्कर्स ने शहर में सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया तथा सरकार विरोधी नारेबाजी की। आशा वर्कर्स शिक्षामंत्री के आवास का घेराव करने जा रही थी किंतु बीच में पुलिस ने उनको रोक लिया। उन्होंने बैरिकेट्स तोड़कर आगे बढ़ने का प्रयास किया किंतु दस कदम की दूर पर ही पुलिस ने उन्हें फिर रोक लिया। इस दौरान प्रधान कांता महायच चक्कर खाकर बेहोश हो गई। पांच सात मिनट बाद जब उसे होश आया तो वह फिर से नारेबाजी करने लगी। पुलिस द्वारा बीच में रोके जाने से वो नाराज हो गई और उन्होंने मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार को ज्ञापन देने से मना कर दिया। वो इस बात पर अड़ी रहीं कि अगर वो ज्ञापन देंगी तो शिक्षामंत्री के आवास पर, बीच रास्ते में वो ज्ञापन नहीं देंगी।
आपको बता दें कि सोमवार को आशा वर्कर्स चौधरी रणबीर सिंह हुड्डा पार्क में एकत्रित हुई। इस दौरान मीटिंग कर उन्होंने शिक्षामंत्री आवास के घेराव करने का फैसला लिया। इसके बाद वो थाली बजाकर प्रदर्शन करते आईटीआई रोड़, बालाजी चौक, शंकर मार्केट, सब्जीमंडी, अंगूरी देवी धर्मशाला, ब्रह्मचारी रोड़, देवीलाल पार्क के पास पहुंचे। इस दौरान थालियां बजाकर एवं नारेबाजी कर सरकार के खिलाफ अपना विरोध जताया। देवीलाल पार्क के पास महिला पुलिस ने बीच में ही उन्हें शिक्षामंत्री के आवास पर जाने से रोक लिया। लगभग एक घंटे तक उन्होंने वहां प्रदर्शन करती रही। कई बार डीएसपी सतेंद्र कुमार ने उनको समझाने का प्रयास भी किया किंतु वो अपनी बात पर अडिग रही। उन्होंने कहा कि एक फरवरी को स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के साथ उनकी मीटिंग है। अगर मीटिंग में उनकी मांगें नहीं मानी है तो उनका आंदोलन और तेज होगा और धरना जारी रहेगा। इस मौके पर राजबाला, मधु, रेखा, संतोष, पूनम, सरिता, निशा, सरला सहित जिले की अनेकों आशा वर्कर्स ने भाग लिया।
70 आशा वर्कर्स पर दस महिला पुलिस कर्मी थी तैैनात:
आशा वर्कर्स को शिक्षामंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा के आवास का घेराव करने को रोकने के लिए नाम मात्र महिला पुलिस कर्मी थीं। लेडीज पुलिस के पास हाथ में डंडे भी नहीं थे और न स्वयं की सुरक्षा के लिए हेलमेट थे। जबकि आशा वर्कर्स संख्या में लगभग 70 थीं। अपने साथ डंडा नहीं लाने को लेकर डीएसपी सतेंद्र कुुमार ने महिला पुलिस को लताड़ लगाई। पुलिस की संख्या कम होने के कारण आशा वर्कर्स एक बार बैरिकेट्स तोड़ने में कामयाब हो गई थीं।
सतनाली कस्बे में भी किया आशा वर्करों ने प्रदर्शन:
खंड सतनाली की आशा वर्करों ने भी कस्बे में प्रदर्शन कर लोहारू चौक पर स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज का पुतला फूंका। विभिन्न मांगों का नायब तहसीलदार कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। आशा वर्कर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करती हुई बस स्टैंड रोड बिचला बाजार, खोखा मार्केट रेस्ट हाउस, रेलवे स्टेशन होते हुए लौहारू चौक पर पहुंची एवं रोष प्रकट करते हुए स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज का पुतला फूंका।