महेंद्रगढ़। प्रशासनिक भवन में मंगलवार को आयोजित कैंप कार्यालय में क्षेत्र के 58 लोगों ने उपायुक्त के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। उपायुक्त डॉ. जय कृष्ण आभीर ने अधिकारियों को जल्द ही समस्याओं के समाधान करने के निर्देश दिए। कहा कि अधिकारी व्यक्तिगत रुचि लेकर समस्याएं दूर करें।
उपायुक्त ने कहा कि अगर कोई भी शिकायत बार-बार मेरे सामने आती है तो उस विभाग के अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। अधिकारी लोगों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर समस्याओं का समाधान करें। इस मौके पर बिजली, पानी, जमीनी विवाद, रास्तों, नालियों, बीपीएल राशन कार्डों, कब्जे व पेंशन से संबंधित समस्याएं सुनीं। इस दौरान एसडीएम वकील अहमद, तहसीलदार नवजीत कौर, समाज कल्याण अधिकारी अमित शर्मा, मत्स्य अधिकारी सोमदत्त, सुदेश पुनिया, एसईपीओ अंकित यादव, अल्प बचत विभाग से विजेंद्र सिंह, रेडक्रॉस सहायक सचिव पवन कुमार रहे।