नारनौल। राज्य स्तरीय महिला फुटबॉल प्रतियोगिता में महेंद्रगढ़ जिले की 54 खिलाड़ी पदक जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेंगी। 5 से 7 सितंबर तक पानीपत में अंडर-14, 17 और 19 आयु वर्ग के मुकाबले होंगे। खिलाड़ियों का दल शुक्रवार को पानीपत के लिए रवाना हुआ।
पिछले वर्ष जिले की महिला फुटबॉल टीम ने नॉकआउट चरण तक जगह बनाई थी, लेकिन पदक से चूक गई थी। इस बार खिलाड़ियों को पिछले प्रदर्शन से बेहतर करने की उम्मीद है। शिक्षा विभाग के एईओ विक्रम सिंह यादव ने बताया कि खंड और जिला स्तर पर खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया है। राज्य स्तर पर भी टीम पदक की मजबूत दावेदार है।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के तीसरे चरण में छह जिलों में सात खेलों के मुकाबले होंगे, जिसमें जिले के करीब 250 महिला और पुरुष खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
अंडर-17 खिलाड़ी मनीषा ने कहा कि टीम का लक्ष्य रणनीति के अनुसार खेलकर पदक जीतना है। वहीं निकिता ने बताया कि खंड व जिला स्तर के मुकाबलों से आत्मविश्वास बढ़ा है। अब टीम का प्रयास शुरुआत से ही गोल कर विरोधी पर दबाव बनाने का रहेगा।
खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के लिए नियमित अभ्यास किया है। प्रशिक्षकों ने टीम की कमियों को दूर करने के साथ खिलाड़ियों की फिटनेस और खेल तकनीक पर विशेष ध्यान दिया। संवाद