अमर उजाला ब्यूरो
कनीना। कस्बे में बनने वाले एसडीएम कार्यालय को लेकर दुकानदारों में असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है। कार्यालय का निर्माण शुरू होने से पूर्व पंचायत समिति की भूमि पर 154 दुकानों पर खतरे के बादल मंडरा गए हैं। इन दुकानों में बैठे 154 दुकानदारों सहित दी महेंद्रगढ़ सेंट्रल को-आप्रेटिव सोसायटी बैंक को भी नोटिस जारी कर खाली करने को कहा है। इसके रोष स्वरूप शनिवार को भाजपा नेता जसवंत बबलू के दिशा निर्देशन में दुकानदारों ने आगामी रणनीति तैयार की। दुकानदार सोमवार को जिला उपायुक्त नारनौल से मिलकर ज्ञापन देंगे।
दुकानदारों ने कहा कि लघु सचिवालय कनीना में बनाया जाए लेकिन उनकी दुकानों को भी न तोड़ा जाए। उनकी दुकानों के पीछे सैकड़ों परिवारों की रोटी रोजी चल रही है। नेताजी सुभाष क्लब कनीना में शनिवार को आयोजित बैठक में दुकानदारों ने आगामी रणनीति तैयार की। पंचायत समिति की ओर से जारी किए गए नोटिस के मुताबिक दुकानदार 3 माह में अपनी दुकानें खाली करें। 54 कनाल छह मरला भूमि पर उपमंडल अधिकारी कार्यालय बनाया जाना प्रस्तावित है जिसके निर्माण के लिए दी गई भूमि को खाली करना पड़ेगा।
इस मौके पर अमर सिंह, नारायण सिंह, विक्की पंसारी, अजीत सिंह, दीप चंद यादव, सुरेश चंद, नरेंद्र ठेकेदार, पृथ्वी सिंह, रूपचंद शर्मा, महेश, सतीश कुमार, रविंद्र, रोशन लाल, मुकेश कुमार, सतीश जांगड़ा, ओमप्रकाश दिनेश लुखी, दीनदयाल, रामअवतार सहित अनेक दुकानदार उपस्थित थे।