अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। मारुति महेंद्रगढ़ में प्लांट लगाने की दिशा में एक कदम और बढ़ाएगी। कंपनी की एक टीम जल्द ही गांव खुड़ाना में प्रस्तावित आईएमटी एरिया का मुआयना करेगी। कंपनी की टीम यहां से मिट्टी के सैंपल लेगी। मारुति कंपनी को आईई-आईएमटी महेंद्रगढ़ में स्थापित करने की मांग पर कंपनी ने काम शुरू कर दिया है। टीम में आने वाले एक्सपर्ट प्रस्तावित आईएमटी के एरिया से मिट्टी के सैंपल लेगी। इन सैंपल की दिल्ली की प्रतिष्ठित लैब में जांच कराएंगे। इससे यह पता लगाया जाएगा कि मिट्टी औद्योगिक कंपनी के लिए सही साबित होगी या नहीं। जांच में यह भी पता लगाया जाएगा कि मिट्टी कितना भार सहन कर पाएगी। जमीन में पानी कितनी गहराई पर है। यहां जमीन के धंसने की संभावना तो नहीं। दो सप्ताह में सॉयल सैंपल टेस्टिंग की रिपोर्ट आएगी। इसके बाद कंपनी अपना फैसला लेगी। शिक्षामंत्री का कहना है कि इस माह क्षेत्र के लोगों को एक अच्छी खबर सुनने को मिलेगी।
मारुति गुरुग्राम के उद्योग विहार स्थित अपने प्लांट को दूसरी जगह स्थानांतरित करना चाहती है। प्लांट लगाने के लिए करीब 700-800 एकड़ जमीन की जरूरत है। कंपनी की प्राथमिकता एनसीआर में ही है। जनवरी माह में ही शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा ने मारुति सुजुकी के अध्यक्ष आरसी भार्गव से मुलाकात की थी। दूसरी तरफ सामाजिक संगठन सरताज ग्रुप के पीआरओ कुलदीप यादव ने मारुति प्लांट को महेंद्रगढ़ में स्थापित कराने की मांग को लेकर करीब 20 दिन से अभियान चला रखा है। हर गांव के लोग इस मांग का समर्थन कर रहे हैं। बड़ी संख्या में युवाओं, ग्रामीणों ने इस मांग पत्र पर हस्ताक्षर भी किए हैं।
----------------------
वर्जन---
हमने कंपनी से अनुरोध किया था। महेंद्रगढ़ में औद्योगिक एरिया विकसित कर रहे हैं। मारुति की टीम जल्द ही आएगी। अभी इसकी तारीख तय नहीं है। जनता के लिए इस महीने बड़ा तोहफा मिलेगा। - रामबिलास शर्मा, शिक्षामंत्री, हरियाणा