अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। हरियाणा के राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य ने कहा कि मानव सेवा ही सबसे श्रेष्ठ सेवा है। मानवता की सेवा नर-नारायण की सेवा के बराबर है। ऐसी सेवा में धर्म भी होता है। ऐसे धार्मिक व सेवा कार्यों में सेंट जॉन रेडक्रॉस समिति दशकों से लगी हुई है। राज्यपाल मंगलवार को 25वीं राज्य स्तरीय एंबुलेंस प्रतियोगिता के समापन पर यदुवंशी शिक्षा निकेतन पटीकरा में बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने प्रतियोगिता की विजेता टीमों को पारितोषिक वितरित किए। राज्यपाल ने अपने फंड से पांच लाख रुपये देने की घोषणा भी की। सेंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड टीम में कैडेट एंबुलेंस डिवीजन में नारनौल की टीम प्रथम, जींद द्वितीय व फरीदाबाद की टीम तृतीय स्थान पर रही।
राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर सेंट जॉन एंबुलेंस विंग हरियाणा व जिला प्रशासन के अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि संस्था किसी भी प्रकार की आपदा की स्थिति से निपटने के लिए सबसे आगे रहती है। उन्होंने केरल में बाढ़ के कारण मची तबाही के दौरान रेडक्रास द्वारा की गई सेवाओं के लिए भी संस्था की पीठ थपथपाई।
प्रदेश की 115 टीमों के 670 प्रतिभागियों ने भाग लिया
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश की 115 टीमों के 670 प्रतिभागियों ने भाग लिया। जिसमें युवाओं का आपदा के दौरान एक तरह से रियलिटी टेस्ट हुआ। समापन समारोह में आपदा में घायलों को मदद करने का डेमो विद्यार्थियों द्वारा दिखाया गया। उन्होंने सेंट जॉन का झंडा फहराया तथा बिग्रेड टीमों की मार्च पास्ट की सलामी ली व परेड का निरीक्षण भी किया। समारोह में ब्लड कैंप लगाया गया था। जिसमें 27 यूनिट ब्लड एकत्रित किया गया। इस मौके पर विधायक ओमप्रकाश यादव व विधायक डॉ. अभय सिंह यादव ने रेडक्रास के कार्यों की प्रशांसा की। इस मौके पर डीसी डॉ. गरिमा मित्तल, एसपी विनोद कुमार, सेंटर जॉन एंबुलेंस हरियाणा के वाइस चेयरमैन डा. मुकेश अग्रवाल, एग्रो इंडस्ट्रीज के चेयरमैन गोबिंद भारद्वाज, एडीसी महावीर प्रसाद, एसडीएम जगदीश शर्माफ, यदुवंशी शिक्षा निकेतन के चेयरमैन बहादुर सिंह, रेडक्रास के जनरल सेक्रेटरी डीआर शर्मा, जिला रेडक्रास समिति के सचिव मनोरंजन शर्मा के अलावा अन्य लोग मौजूद थे।
राज्य स्तरीय एंबुलेंस प्रतियोगिता में ये टीमें रही विजेता
25वीं राज्य स्तरीय एंबुलेंस प्रतियोगिता के समापन अवसर पर राज्यपाल ने प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर आने वाली टीमों को पारितोषिक वितरित किए। सेंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड टीम में कैडेट एंबुलेंस डिवीजन में नारनौल की टीम प्रथम, जींद द्वितीय व फरीदाबाद की टीम तृतीय स्थान पर रही। कैडेट नर्सिंग डिवीजन में नारनौल टीम को पहला, हिसार को दूसरा व फरीदाबाद ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। एंबुलेंस डिवीजन में यमुनानगर को पहला, रोहतक ने द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त किया। नर्सिंग डिवीजन में नारनौल ने प्रथम, करनाल ने दूसरा व नारनौल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पुलिस होमगार्ड एनजीओ एंबुलेंस डिवीजन पुरुष वर्ग में रोहतक की टीम ने पहला, यमुनानगर की टीम ने द्वितीय व पंचकूला की टीम तृतीय स्थान पर रही। पुलिस होमगार्ड एनजीओ एंबुलेंस डिविजन महिला वर्ग में पंचकूला की टीम ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि महेंद्रगढ़ की टीम को स्पेशल अवॉर्ड दिया गया। इसी प्रकार मार्च पास्ट में महेंद्रगढ़ पहले व पंचकूला दूसरे स्थान पर रहा। इस प्रतियोगिता में उच्च स्कोर प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया। इनमें कैडेट एंबुलेंस डिवीजन में यदुवंशी शिक्षा निकेतन के रुद्राक्ष भारद्वाज, कैडेट नर्सिंग डिवीजन में हिसार की सरिता व पंचकूला के नुसरत राणा को हाई स्कोर मिले। एंबुलेंस डिवीजन में नारनौल का अंकित, नर्सिंग डिवीजन में नारनौल की प्रिया व पुलिस, होमगार्ड एनजीओ एंबुलेंस डिवीजन पुरुष वर्ग में पंचकूला के शंकय जायसवाल तथा महिला वर्ग में पंचकूला की मंदीप कोर को उच्च अंक मिले।
छठ पूजन के कार्यक्रम को राज्यपाल ने सराहा
राज्य स्तरीय एंबुलेंस प्रतियोगिता के समापन अवसर पर स्कूली छात्राओं द्वारा छठ पूजन को दर्शाते हुए पेश किए गए सांस्कृतिक कार्यक्रम की राज्यपाल ने काफी सराहना की। उन्होंने कहा कि पूरे भारत में छठ पर्व का विशेष महत्व है। छात्राओं नेे इस पर्व के संबंध में जो कार्यक्रम दिया है, वह हमारी समृद्ध संस्कृति को दर्शाता है। इस संस्कृति पर हमें गर्व है।