अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। नगर परिषद और जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने सोमवार को रावका मोहल्ले का दौरा किया। इस दौरान अधिकारियों ने सीवरेज और गंदे पानी की जानकारी ली। अधिकारियों ने जल्द ही सीवरेज और नालियों निर्माण करवाने की बात कही।
बता दें कि रावका मोहल्ला के लोग छह महीनों से सीवरेज ओवरफ्लो की समस्या से जूझ रहे है। लोगों ने रविवार को टीबी अस्पताल के पास जाम लगाकर विभाग के प्रति विरोध जताया था। पब्लिक हेल्थ के जेई मुकेश शर्मा के आश्वासन जाम खोला था। सोमवार सुबह नगर परिषद के ईओ अभय और जन स्वास्थ्य विभाग के एसई राकेश सहित अन्य अधिकारियों ने मोहल्ला रावका का दौरा कर मोहल्लावासियों की समस्या सुनी।
मोहल्ला वासियों ने अधिकारियों को अवगत करवाया कि छह माह से सीवरेज ओवरफ्लो की समस्या बनी हुई है। इस समस्या से कई बार नगर परिषद और जन स्वास्थ्य को अवगत भी करवा चुके हैं, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि आधे शहर की नालियों और सीवरेज का गंदा पानी रावका मोहल्ले में गुजरता है। कुछ दिन पहले नागरिक अस्पताल के पीछे नगर परिषद द्वारा सड़क निर्माण कार्य किया था। नगर परिषद द्वारा रोड को अधिक ऊंचा उठा दिया। इसके कारण पीछे से आ रहा नालियों का पानी यहां पर एकत्रित हो जाता है। सीवर की निकासी नहीं होने के कारण यहां पर सीवर ओवरफ्लो रहता है।
घरों से निकलना हुआ दुश्वार
मोहल्ला वासियों ने अधिकारियों को बताया कि घरों के सामने दो से तीन फीट गंदा पानी हमेशा भरा रहता है। आम नागरिक और स्कूली बच्चे गंदे पानी के अंदर से गुजरते हैं। बारिश के समय 4 से 5 फीट पानी भरा जाता है। अनेक बार बुजुर्ग और छोटे बच्चे इसमें गिरकर जख्मी हो चुके हैं। लोगों ने बताया कि सीवरेज का पानी जमा रहने के कारण मोहल्ले में बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है।
जल्द समाधान करवाने का दिया आश्वासन
सोमवार की सुबह नगर परिषद और जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने मोहल्ला रावका किया दौरा। दौरे के दौरान उन्होंने मोहल्लावासियों को जल्द समस्या का समाधान करवाने का आश्वासन दिया। नगर परिषद के ईओ अभय सिंह ने कहा जल्द पानी की निकासी की जाएगी। जरूरत पड़ी तो नालियां बनवाकर समस्या का समाधान किया जाएगा। वहीं, जन स्वास्थ्य विभाग के एसई राकेश ने कहा कि जल्द ही सीवर की सफाई करवाकर समस्या का समाधान किया जाएगा। जरूरत पड़ी तो नई सीवर लाइन डाली जाएगी।