फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इनेलो ने बुलाए किराए के एक हजार गुंडे : मनोहरलाल

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

महेंद्रगढ़। सीएम ने रैली में इनेलो पर ही अपना निशाना साधे रखा। सीएम ने कहा कि पानी क्षेत्र का बड़ा मुद्दा है। पानी पर वर्षों से राजनीति होती आई है। आईएनएलडी भी पानी पर राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि 2004 से 2014 उनकी सरकार आने तक सुप्रीम कोर्ट में एसवाईएल का मुद्दा लटका रहा, मगर उनकी सरकार आते ही सही पैरवी की गई तथा प्रदेश की जीत हुई। अब जल्द ही एसवाईएल का निर्माण भी करा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इनेलो पार्टी जेल भरो आंदोलन के नाम पर केवल नौटंकी कर रही है। किराये के 500-1000 गुंडे बुलाए हुए हैं, जो सब जगह जाते हैं और उनकी संख्या को 15 हजार बता दिया जाता है। उक्त बातें मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने शनिवार को सब्जी मंडी में आयोजित प्रधानमंत्री द्वारा बाजरे के समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी किए जाने पर धन्यवाद रैली को संबोधित करने के दौरान कही।
उन्होंने कहा कि अगर हिम्मत है तो इनेलो के कार्यकर्ता गिरफ्तारी देकर दिखाएं, आज तक एक भी कार्यकर्ता ने गिरफ्तारी नहीं दी है। बस केवल भीड़ दिखाकर उनको एक मिनट में ही रिलीज करा लिया जाता है। उन्होंने कहा कि इनेलो इस मामले में केवल ढोंग कर रही है। वहीं, सीएम ने कांग्रेस को ज्यादा निशाना नहीं बनाया। सीएम ने कहा कि कांग्रेस के नेता ने सदन की गरिमा को भी तार-तार कर वहां नौटंकी की है।
विज्ञापन

वहीं, सीएम ने कहा कि भारत एक कृषि प्रधान देश है। इस देश में किसानों की संख्या सबसे अधिक है। किसान मेहनती होते हैं। इसलिए सभी पार्टियां किसानों को बरगलाने का काम करती हैं, मगर हकीकत में भाजपा ने किसानों के हित में काम किया है तथा फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में 50 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की है। भाजपा किसानों के भले के लिए काम कर रही है। अगर किसान का भला हो जाए तो देश का भला अपने आप हो जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों की मेहनत मजदूरी के दाम को जोड़कर यानी उनकी लागत, जिसमें खाद, बीज, पानी, दवाई व किसान की मेहनत शामिल है से फसल का न्यूनतम समर्थन मूल्य तय किया है। इस प्रकार बाजरे की लागत 990 रुपये प्रति क्विंटल आती है। इसका पहले न्यूनतम समर्थन मूल्य 1450 था, जो अब केंद्र सरकार ने 1950 कर दिया है। इससे किसान को उसकी पूरी लागत से दोगुना मिलेगा। केंद्र सरकार कि इस घोषणा से दक्षिणी हरियाणा के किसानों को लाभ होगा। उन्होंने कहा कि अकेली बाजरे की फसल है, जिसमें सरकार ने 500 रुपये बढ़ाये हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने उन फसलों की ही ज्यादा एमएसपी बढ़ाई है, जिनमें पानी की ज्यादा जरूरत नहीं होती।

महेंद्रगढ़ की प्रत्येक ढाणियों तक पहुंचेगा पानी, बनाए जाएंगे नए वाटर टैंक
सीएम ने कहा कि पानी केवल हमने पहुंचाया है। दक्षिणी हरियाणा की नहरों में अब 30-30 दिन पानी चलता है। पहले केवल 15 दिन ही पानी चलता था। उन्होंने कहा कि पहले जेएलएन नहर टूटी थी, कहीं पानी रिसता था तो कहीं गंदगी व सफाई न होने के कारण पूरा पानी टेल तक नहीं पहुंचता था, अब जेएसएन की सफाई हो गई है। इसके कारण एक हजार क्यूसिक पानी की बढ़ोतरी नहरों में हुई है। उन्होंने कहा कि रेवाड़ी का मसानी बैराज भी भरा जा रहा है, गत साल भी इसमें चार-चार फुट पानी आ गया था। अब महेंद्रगढ़ जिले की प्रत्येक ढाणियों तक पानी पहुंच जाएगा। इसके लिए नए वाटर टैंक बनाए जाएंगे।
पहले थी अंध बांटे रेवड़ी वाली कहावत
सीएम ने कहा कि पहले अपने अपने को नौकरी देते थे। यानी अंधा बांटे रेवड़ी वाली कहावत थी, मगर अब योग्यता के अनुसार नौकरी दी जा रही है। सीएम ने कहा कि रेवाड़ी-नारनौल व दादरी-नारनौल नेशनल हाईवे को फोरलेन बनाया जा रहा है, जो शीघ्र बनकर तैयार हो जाएगा। इसके अलावा नए शिक्षण संस्थान खोले जा रहे हैं। युवाओं को रोजगार देने के लिए उद्योगों की स्थापना की जा रही है। वहीं, जिला के दो हजार युवाओं को सरकारी नौकरी भी दी है।
विज्ञापन


रैली में ये नेता रहे मौजूद
इस मौके पर शिक्षा मंत्री व रैली आयोजक रामबिलास शर्मा, कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़, जनस्वास्थ्य मंत्री बनवारीलाल, सांसद चौधरी धर्मवीर सिंह, डिप्टी स्पीकर संतोष यादव, विधायक अभय सिंह यादव, घनश्याम सर्राफ, नरेश कौशिक, विक्रम यादव, पवन सिंह के अलावा सीएम के मीडिया सलाहकार राजीव जैन, भाजपा के जिला प्रधान शिव कुमार महता व नारनौल नप प्रधान भारती सैनी सहित अनेक भाजपा नेता उपस्थित थे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें