अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। हरपथ नामक एप के माध्यम से खराब सड़कों से आमजन को निजात दिलाने के लिए वर्तमान सरकार द्वारा अनूठी पहल की गई है। नारनौल नगर परिषद के साथ-साथ अब खंड नांगल चौधरी, कनीना, अटेली एवं महेंद्रगढ़ की सड़कों को भी जियो टैगिंग कर मोबाइल पर डाला गया है। कोई भी नागरिक हरपथ नामक एप पर खराब सड़कों की फोटो डाल सकता है। इसके बाद तुरंत वो जानकारी संबंधित अधिकारी व इंजीनियर के पास चली जाएगी।
यह जानकारी देते हुए सीएम गुड गवर्नर एसोसिएट आशीष ने बताया कि अब जिला के खंड नांगल चौधरी, कनीना, सतनाली एवं महेंद्रगढ़ की खराब सड़कों की फोटो भी हरपथ नामक एप पर डाल सकते हैं। इसकी शिकायत संबंधित अधिकारी के पास शिकायत मिलने पर दो सप्ताह के भीतर सड़क की कारपेंटिग भले ही न हो पाए परंतु सड़क के गड्ढे तुरंत भरना विभाग की जिम्मेदारी होगी। इसके अलावा नेशनल हाइवे की सड़कें अभी जियो टैंगिंग में शामिल नहीं है। इस कार्य को बेहतर तरीके से करने के लिए मुख्यमंत्री द्वारा लगाए गए सुशासन सहयोगियों व डिजिटल हरियाणा की टीम का सहयोग लिया गया है। प्रदेश की सभी सड़कों की गूगल मैप के साथ जियो टैगिंग कर हरपथ नाम से दी एप के माध्यम से खराब सड़कों को गड्ढों से मुक्त करवाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।