अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल।
हरियाणा शतरंज एसोसिएशन द्वारा 17 फरवरी से नारनौल के कुलताजपुर रोड स्थित भारती पब्लिक स्कूल में दो दिवसीय 13वीं इंटर जिला शतरंज चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। इसमें गरीबों व अशक्त खिलाड़ियों का प्रवेश निशुल्क किया जाएगा। चैंपियनशिप के लिए एचसीए की वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट इंडियनचेस डॉट ओआरजी पर रजिस्ट्रेशन करना होगा। चैंपियनशिप में नारनौल, महेंद्रगढ़, भिवानी, चरखी-दादरी व रेवाड़ी जिले के खिलाड़ी भाग लेंगे। प्रतियोगिता का शुभारंभ 17 फरवरी को उपायुक्त डॉ. गरिमा मित्तल बतौर मुख्यातिथि करेंगी। 18 फरवरी को दोपहर 2 बजे स्पर्धा के सभी आयुवर्ग के विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
एचसीए के प्रदेश महासचिव कुलदीप ने बताया कि विजेता खिलाड़ियों में से जिला शतरंज टीम चुनी जाएगी, जो भिवानी में होने वाली एचसीए की राज्य स्तरीय शतरंज चैंपियनशिप में जिले का प्रतिनिधित्व करेगी। राज्य स्तरीय स्पर्धा के लिए चुने गए खिलाड़ियों की इंट्री फीस एचसीए द्वारा वहन की जाएगी।
तीन आयु वर्ग में होंगे मुकाबले
प्रतियोगिता में तीन आयु वर्ग अंडर-11, 15 व ओपन वर्ग के महिला व पुरुष खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए सभी खिलाड़ियों को अपना आयु प्रमाण-पत्र साथ लाना होगा। महिलाओं व पुरुष प्रतिभागियों की संयुक्त रूप से प्रतिस्पर्धाऐं होंगी।
सीधा होगा प्रसारण
ऐसे होगा फ्री आनलाइन रजिस्ट्रेशन
स्पर्धा में प्रवेश के लिए रजिस्ट्रेशन आनलाइन होगा तथा निशुल्क रहेगा। यह रजिस्ट्रेशन एचसीए की वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट इंडियनचेस डॉट ओआरजी पर करवाया जा सकेगा।
मिलेगी छात्रवृत्ति
चैंपियनशिप के विजेताओं को खेल विभाग की ओर से छात्रवृत्ति दिए जाने का प्रावधान है। सभी वर्गों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। इसकी पूरी जानकारी डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट इंडियनचेस डॉट ओआरजी पर देखी जा सकती हैं।