फोटो संख्या:38
अमर उजाला ब्यूरो
महेंद्रगढ़। हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आरसी कुहाड़ ने चीन और नेपाल के रास्ते माउंट एवरेस्ट को फतेह करने वाली अनिता कुंडू को विश्वविद्यालय का ब्रांड एंबेस्डर बनाया है। कुलपति ने यह घोषणा वीरवार को विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में की।
कुलपति प्रो. आरसी कुहाड़ ने कहा कि यह विश्वविद्यालय के लिए सौभाग्य की बात है कि अनिता कुंडू जैसी हरियाणा की बेटी, देश की शान विश्वविद्यालय की ब्रांड एंबेस्डर बन रही है। प्रो. कुहाड़ ने कहा कि महिला सशक्तीकरण की दिशा में विश्वविद्यालय की ओर से जारी प्रयासों में यकीनन अनिता का भरपूर सहयोग हमें मिलेगा। मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की अतिरिक्त सचिव डॉ. पंकज मित्तल ने छात्राओं को सपने पालने की नसीहत दी।
विशिष्ट अतिथि के तौर पर पहुंची अनिता कुंडू ने विश्वविद्यालय की ओर से उन्हें ब्रांड अंबेस्डर बनाए जाने पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कुलपति प्रो. आरसी कुहाड़ का आभार जताया। इस मौके पर अनिता ने अपनी जीवन के संघर्ष की कहानी भी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से सांझा की और छात्राओं को हार ने मानने की नसीहत दी। विश्वविद्यालय की ओर से गोद लिए गए गांवों, स्थानीय राजकीय एवं निजी विद्यालयों की छात्राओं के लिए रागिनी प्रतियोगिता, नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। वहीं की ड्रामा सोसायटी की ओर से ‘बेजुबां‘ नामक नाटक का मंचन किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की अतिरिक्त सचिव एवं भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय, सोनीपत की पूर्व कुलपति डॉ. पंकज मित्तल थीं। छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. बीर सिंह, स्वामी दयानंद सरस्वती पीठ के चेयर प्रो. रणवीर सिंह, महिला सशक्तीकरण प्रकोष्ठ की डॉ. आरती यादव, डॉ. रंजन अनेजा, डॉ. दिनेश चहल आदि भी मौजूद रहे। मंच का संचालन समाज शास्त्र की सहायक आचार्य डॉ. रीमा गिल ने किया।