अमर उजाला ब्यूरो
कनीना। गांव सेहलंग के ग्रामीणों ने बुधवार को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन कनीना के एसडीएम संदीप सिंह को सौंपा। इसमें शीघ्र ही 100-100 वर्गगज के प्लॉटों पर कब्जा दिलाने की मांग की गई है। ज्ञापन में कहा है कि यदि 15 दिनों में उन्हें प्लाटों पर कब्जा नहीं दिलाया गया तो बीडीपीओ कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
ग्रामीण शिवकुमार, सत्यपाल, वीरेंद्र सिंह, छोटूराम, हरिराम, भागमल, कृष्ण कुमार पूर्व पंच और हनुमान ने बताया कि उनके गांव के 103 बीपीएल पात्र परिवारों को प्लॉट अलॉट कर रजिस्ट्री करवाई गई थी। वर्ष 2008 से चल रही इस प्रक्रिया के तहत 2012 में प्लाटों की रजिस्ट्री हुई थी, लेकिन कब्जा अभी तक नहीं मिल सका है। ग्रामीण वीरेंद्र सिंह ने कहा कि कनीना खंड के तत्कालीन बीडीपीओ ने ग्राम सरपंच विजयपाल के साथ मिलकर सीएम विडों पर शिकायत की तो फर्जी रिपोर्ट तैयार कर रफा-दफा करने की कोशिश की गई। गांव में 103 बीपीएल पात्र परिवारों को सरकार की योजना के मुताबिक 100-100 वर्ग गज के प्लाट पर कब्जा नहीं दिया गया है। ग्रामीणों ने सरपंच के कार्यों की जानकारी आरटीआई के तहत मांगी है। लेकिन, सरपंच ने जानकारी मुहैया नहीं करवाई है। पंचायत सदस्य सत्यनारायण ने कहा कि प्रशासन का सहयोग रहा तो आगामी दो माह में सभी पात्र परिवारों को प्लॉट अलॉट कर कब्जा दिला दिया जाएगा। सरपंच विजयपाल ने कहा कि जिस जगह प्लाट काटे जाने थे, वहां पर जलघर और खेल स्टेडियम का निर्माण कराया गया है। प्लाटों के लिए दूसरी जगह स्वीकृत कराकर नई ततीमा रजिस्ट्री कराई जाएगी।