अमर उजाला ब्यूरो
कनीना। सीएचसी से लेकर मंडी टी-प्वाइंट तक नगरपालिका की ओर से पूर्व के समय बनाए गए नाले पर ढक्कन नहीं होने से खुला नाला हादसों को न्योता दे रहा है। इस नाले की सफाई एवं ढंकने के लिए स्थानीय लोगों व दुकानदारों की ओर से कई बार नगरपालिका व एसडीएम को अवगत कराया है।
इस बारे में बंसत लाल शर्मा ने बताया कि उनके द्वारा नाले की सफाई एवं ढक्कन के लिए सालभर पूर्व सीएम विंडो पर भी शिकायत भी लगाई गई थी। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने बताया कि एसडीएम निवास के सामने नाला बंद पड़ा है जहां पानी खड़ा रहता है। मक्खी-मच्छर पैदा हो रहे हैं। खुला नाला होने से उनके मकानों में दूर तक नमी पहुंच रही है जिससे उनके घर गिरने का खतरा मंडरा रहा है। शिकायतकर्ता ने जल्द ही नाले की सफाई कर उस पर ढक्कन लगाने की मांग की है।
इस बारे में नगरपालिका के सचिव हरज्ञान सिंह व जेई मनोज कुमार ने कहा कि उनके द्वारा खुले नाले को ढंकने के लिए एस्टीमेट बनाकर उच्च अधिकारियों को भेजा था जो स्वीकृत हो गया है। जल्द ही खुले नाले पर ढक्कन ढंके जाएंगे।