स्वर्ण जयंती पर नारनौल में होगा कथक कार्यक्रम
अमर उजाला ब्यूरो
नारनौल। हरियाणा स्वर्ण जयंती समारोह में अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कथक नृत्यांगना डांस डायरेक्टर और कोरियोग्राफर मालती श्याम की प्रस्तुति 25 जुलाई को नारनौल में होगी। सूचना अधिकार मंच के अध्यक्ष संजय शर्मा ने बताया कि हरियाणा स्वर्ण जयंती समारोह के मौके पर मालती श्याम मंगलवार सुबह सीएल स्कूल में प्रस्तुति देंगी। स्कूल प्रिंसिपल भारतभूषण यादव ने बताया कि हरियाणा सरकार के कार्यक्रम के तहत यह आयोजन मंगलवार सुबह साढ़े नौ बजे विद्यालय प्रांगण में होगा। बता दें कि राज्य सरकार विभिन्न नामचीन कलाकारों के राज्यभर में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इसी कड़ी में नारनौल में दो कार्यक्रम सीएल और यदुवंशी स्कूल में रखे गए हैं।