नारनौल। वसंत पंचमी पर रविवार को शहर में दिनभर विवाह-शादी को लेकर बाजार में चहलपहल रही। सबसे ज्यादा रौनक फूलों की दुकानों पर रही। पंचमी पर करीब 500 युवक-युवतियों ने लिए सात फेरे लिए।
वसंत पंचमी के अबूझ मुहूर्त को लेकर शहर में बने करीब 40 मैरिज पैलेस भी रविवार को बुक रहे। ब्राह्मण परिषद के प्रधान गोपाल कृष्ण शास्त्री व आचार्य क्रांति निर्मल ने बताया कि पंचमी के अबुझ मुहूर्त को लेकर उनके साथ एक सौ पंडित जुड़े हैं। सभी के पास फेरों की बुकिंग रही। इसके अलावा ग्रामीण में क्षेत्र व शहर में सभी पंडितों के पास फेरों का कार्य है। उन्होंने बताया कि रविवार को क्षेत्र में करीब 500 जोड़े विवाह बंधन में बंधे।
इससे पहले शाम तक गाड़ियों के सजाने का काम चलता रहा। शहर के फूल विक्रेता दयानंद सैनी व भगत सिंह ने बताया कि वसंत पंचमी के अबूझ मुहूर्त को लेकर उनके पास चार-पांच गाड़ियों की तो पहले से बुकिंग थी। इसके अलावा करीब 15 गाड़ियां और सजने के लिए आईं। उन्होंने बताया कि शहर में 15 फूलों की दुकानें है और पंचमी को लेकर एक दुकान पर 15 से 20 गाड़ियां सजाई गई। उन्होंने बताया कि गाड़ियां 1100 रुपये से 5100 रुपये तक सजाई गई।
वहीं वरमाला के दाम भी 1100 रुपये से 5100 रुपये तक रहे। उन्होंने बताया कि वरमाला में विराट कोहली वरमाला की भी बाजार में मांग रही। इसका मूल्य 5100 रुपये रहा। फूल विक्रेताओं ने बताया कि रविवार को फूलों की मांग को देखते हुए उन्होंने दो पहले ही इसका स्टाक कर लिया था, क्योंकि सर्दियों में फूल जल्दी खराब नहीं होते हैं। दुकानदारों ने बताया कि गेंदा जो एक सप्ताह पहले 100 रुपये था वह रविवार को 150 रुपये रहा। वहीं गुलाब भी 200 रुपये से 250 रुपये हो गया था। इसके अलावा गुलदावरी जो सप्ताहभर पहले 100 रुपये था उसका भाव 300 रुपये रहा। फूल विक्रेताओं ने बताया कि वसंत पंचमी के अबूझ मुहूर्त पर विवाह-शादी ज्यादा होने और उनमें फूलों की मांग बढ़ने के कारण रविवार को दामों में उछाल आया।